
व्हाइट हाउस पर टैंकरोधी रॉकेट से हमला करने की साजिश रचने वाले व्यक्ति कोअमेरिकी पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बंदूक और विस्फोटक सामग्री खरीदने के लिए जब अपनी कार बेचने गया तो धरा गया।
अमेरिका के अटॉर्नी ब्यूंग जे ‘‘बीजे’’ पाक ने बताया कि जॉर्जिया के क्यूमिंग के रहने वाले हाशेर जलाल ताहिब (21) को बुधवार को गिरफ्तार किया गया और उस पर तोप या विस्फोटक का इस्तेमाल कर अमेरिकी सरकारी इमारत को नुकसान पहुंचाने या ध्वस्त करने के प्रयास का आरोप लगाया गया है। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि ताहिब ने अपने बचाव के लिए कोई वकील किया है या नहीं । इन आरोपों पर टिप्पणी करने के लिए आरोपी की तरफ से कोई अटार्नी उपलब्ध नहीं था। अदालत में FBI एजेंट द्वारा दायर हलफनामे के अनुसार, इस संबंध में मिली एक गुप्त सूचना के बाद एक स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसी ने मार्च में इस बाबत FBI से संपर्क किया था।
उसने बताया था कि ताहिब नाम का एक व्यक्ति कट्टरपंथी बन गया है, उसने अपना नाम बदल लिया है और विदेश यात्रा पर जाने की योजना बनाई है। हलफनामे में कहा गया है कि ताहिब ने अक्टूबर में एफबीआई के एक गुप्तचर सूत्र को बताया था कि उसने ‘‘हिज्र’’ के लिए विदेश जाने की योजना बनाई है । इसके बारे में एजेंट ने लिखा था कि उसकी मंशा इस्लामिक स्टेट द्वारा नियंत्रित किसी क्षेत्र की यात्रा करने के संदर्भ में है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website