Friday , October 30 2026 11:30 PM
Home / Entertainment / फैंस को दिवाली का तोहफा, RDJ और क्रिस इवांस का ऐलान- दुनिया से पहले भारत में रिलीज

फैंस को दिवाली का तोहफा, RDJ और क्रिस इवांस का ऐलान- दुनिया से पहले भारत में रिलीज


मार्वल की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ को लेकर फैंस का एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर है। इसी बीच मार्वल के सुपरस्टार रॉबर्ट डाउनी जूनियर और ‘कैप्टन अमेरिका’ क्रिस इवांस ने दिवाली के मौके पर भारतीय फैंस की एक्साइटमेंट में एक चांद और लगा दिया है। एक्टर्स ने फैंस को ऐसा सरप्राइज दिया, जिसने उनकी खुशी दोगुनी कर दी। दोनों सुपरस्टार्स ने एक खास वीडियो मैसेज के जरिए इंडियन दर्शकों को बताया कि भारतीय दर्शकों को यह मेगा-ब्लॉकबस्टर अमेरिकी फैंस से एक दिन पहले बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी। यानी ‘एवेंजर्स: डूम्‍सडे’ भारत में 17 दिसंबर 2026 को ही रिलीज हो जाएगी। जबकि दुनिया के बाकी देशों में 18 दिसंबर को।
‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की इंडिया रिलीज डेट की घोषणा करते हुए रॉबर्ट डाउनी जूनियर और क्रिस इवांस ने फैंस को दिवाली की बधाई भी दी है। RDJ जहां इस फिल्‍म से MCU में ‘डॉक्टर डूम’ बनकर वापसी कर रहे हैं, वहीं क्रिस इवांस भी ‘स्टीव रोजर्स’ के किरदार में नजर आएंगे। एंथनी और जो रूसो के निर्देशन में बनी इस फिल्म में तीन अलग-अलग यूनिवर्स के हीरो एक बड़े खतरे का सामना करेंगे। दिसंबर में बॉक्‍स ऑफिस पर यह फिल्‍म ‘ड्यून 3’ से टकराएगी, जबकि उसके अगले हफ्ते शाहरुख खान की ‘किंग’, अनीत पड्डा की ‘शक्ति शालिनी’ और ड्वेन जॉनसन की ‘जुमांजी: ओपन वर्ल्ड’ भी रिलीज होगी।
भारत में एक दिन पहले रिलीज होगी फिल्म – एक्टर्स ने वीडियो के जरिए बताया कि ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ अमेरिका में रिलीज होने से एक दिन पहले भारत में दस्तक देगी। फिल्म की रिलीज में अब करीब 50 दिन बाकी हैं। गुरुवार को रिलीज होने के कारण इसे चार दिनों के लंबे ओपनिंग वीकेंड का फायदा भी मिल सकता है। वहीं, दिसंबर में फिल्मों की रिलीज को लेकर बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हलचल देखने को मिल सकती है। ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ भारत में 17 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी, जबकि हॉलीवुड फिल्म ‘ड्यून: पार्ट थ्री’ 18 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसके बाद 24 दिसंबर 2026 को शाहरुख खान की ‘किंग’ और अनीत पड्डा की ‘शक्ति शालिनी’ रिलीज होने वाली हैं। वहीं, हॉलीवुड की ‘जुमांजी: ओपन वर्ल्ड’ भी 25 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। इस तरह दिसंबर के आखिरी हफ्तों में बॉक्स ऑफिस पर कई बड़ी फिल्मों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा।
रॉबर्ट डाउनी जूनियर और क्रिस इवांस ने दी दिवाली की शुभकामनाएं – दिवाली के मौके पर रॉबर्ट डाउनी जूनियर और क्रिस इवांस ने भारतीय फैंस के लिए एक खास वीडियो संदेश शेयर किया। इसमें दोनों ने त्योहार की शुभकामनाएं देते हुए दिवाली के महत्व को अपनी आने वाली फिल्म से भी जोड़ा। वीडियो में एक्टर्स ने कहा, ‘नमस्ते इंडिया! दिवाली के बारे में हमें जो बात सबसे अच्छी लगती है, वह यह है कि यह एक अध्याय के खत्म होने और दूसरे की शुरुआत का प्रतीक है, इस बारे में तो हम काफी कुछ जानते हैं! बस फर्क इतना है कि यहां हम अंधेरे से उजाले की ओर नहीं, बल्कि शायद उल्टी दिशा में जा रहे हैं। आप सभी को दिवाली की शुभकामनाएं! हम आपसे ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ में मिलेंगे, बिल्कुल!’
वीडियो देखकर फैंस ने दिए मजेदार रिएक्शन – रॉबर्ट डाउनी जूनियर और क्रिस इवांस का 40 सेकंड का यह वीडियो सामने देख कर फैंस के कमेंट्स की बाढ़ आ गई। एक फैन ने खुशी जाहिर करते हुए लिखा, ‘कैप्टन अमेरिका और आयरन मैन दिवाली विश कर रहे हैं, अब और क्या चाहिए!’ वहीं, एक दूसरे फैन ने इसे जबरदस्त खबर बताते हुए लिखा, ‘क्या जबरदस्त खबर दी है!’ एक अन्य यूजर ने फिल्म की सफलता की उम्मीद जताते हुए लिखा, ‘ये फिल्म ब्लॉकबस्टर जाएगी, हैप्पी दिवाली!’ वहीं, एक फैन ने मजाकिया अंदाज में दोनों सितारों के ‘नमस्ते इंडिया’ कहने पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘कितने प्यारे तरीके से इन्होंने नमस्ते इंडिया कहा है। सुनकर अच्छा लगा, नमस्ते!’ फैंस के इन रिएक्शन्स से साफ है कि अपने पसंदीदा सुपरहीरोज को दिवाली की शुभकामनाएं देते देखकर भारतीय दर्शक काफी खुश हैं।
पहले भी दुनिया से एक दिन पहले भारत में रिलीज हुई हैं हॉलीवुड फिल्‍में – हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब कोई हॉलीवुड फिल्‍म बाकी दुनिया से एक दिन पहले भारत में रिलीज हो रही हो। बल्‍क‍ि इस चलन की शुरुआत करने वाली भी मार्वल स्‍टूडियो ही है। हाल ही ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ को भी भारत में 30 जुलाई 2026 को रिलीज किया गया, जो इसके इंटरनेशनल रिलीज से एक दिन पहले था। इसी साल 2022 में ‘थॉर: लव एंड थंडर’, 2018 में ‘एवेंजर्स: इन्फिनिटी वॉर’ और 2015 में ‘एवेंजर्स: एज ऑफ अल्ट्रॉन’ भी भारत में एक दिन पहले रिलीज हुई थी। इसके अलावा ‘ट्रांसफॉर्मर्स: डार्क ऑफ द मून’ और टॉम क्रूज भी ‘मिशन: इम्पॉसिबल – घोस्ट प्रोटोकॉल’ के बाद से अपनी फिल्‍मों को भारत में एक दिन पहले रिलीज करते आए हैं।
एंथनी और जो रूसो ने किया है निर्देशन – ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ का निर्देशन एंथनी रूसो और जो रूसो ने किया है। फिल्म के निर्माता केविन फीगी, लुई डी’एस्पोसिटो और जोनाथन श्वार्ट्ज हैं। यह मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स यानी ‘MCU’ की 39वीं फिल्म बनने जा रही है। फिल्म को ‘इनफिनिटी विजन’ और अन्य प्रीमियम फॉर्मेट्स में भी रिलीज किए जाने की जानकारी दी गई है।
फिल्म में नजर आएंगे कई बड़े सितारे – ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की स्टार कास्ट काफी बड़ी है। इसमें रॉबर्ट डाउनी जूनियर, क्रिस इवांस, क्रिस हेम्सवर्थ, पेड्रो पास्कल, पॉल रुड, एंथनी मैकी, फ्लोरेंस प्यू, वैनेसा किर्बी, एबॉन मॉस-बैचराच, वायट रसेल, चैनिंग टेटम, सिमु लियू, इयान मैककेलेन, हेली एटवेल, टॉम हिडलेस्टन, जेम्स मार्सडेन, पैट्रिक स्टीवर्ट, जोसेफ क्विन, सेबेस्टियन स्टेन, डेविड हार्बर, लेटिशिया राइट, लुईस पुलमैन, केल्सी ग्रामर, कैथरीन न्यूटन, डैनी रामिरेज, विंस्टन ड्यूक, एलन कमिंग, हन्ना जॉन-कामेन, रेबेका रोमिजन, एलेक्स लिविनाली, मेबेल कैडेना और टेनोच ह्यूर्टा मेजिया शामिल हैं।
‘एवेंजर्स: एंडगेम’ की दोबारा रिलीज से जुड़ा खास कनेक्शन – ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ से पहले ‘एवेंजर्स: एंडगेम: एनकोर’ को 25 सितंबर 2026 को भारतीय सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज किया गया था। इसमें कुछ अतिरिक्त फुटेज के साथ ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की एक खास झलक भी दिखाई गई थी। इससे फैंस को आने वाली फिल्म की एक झलक देखने का मौका मिला।