Tuesday , November 24 2026 11:13 PM
Home / News / डमी हेलीकॉप्टर, अमेरिकी ड्रोन और मां-पत्नी के मैसेज: मेक्सिको में कैसे पकड़ा गया ड्रग लॉर्ड एल चापो इसिड्रो?

डमी हेलीकॉप्टर, अमेरिकी ड्रोन और मां-पत्नी के मैसेज: मेक्सिको में कैसे पकड़ा गया ड्रग लॉर्ड एल चापो इसिड्रो?


मेक्सिको के सिनालोआ राज्य में कुख्यात ड्रग लॉर्ड फाउस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ ‘ एल चापो इसिड्रो ’ की गिरफ्तारी के बाद हिंसा भड़क उठी है। इस हिंसा में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। उसे कई हफ्तों की प्लानिंग के बाद मेक्सिको स्पेशल फोर्सेज ने पकड़ा है। वह अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (FBI) की 10 मोस्ट-वांटेड लिस्ट में एक बदनाम कार्टेल लीडर है। एल चापो इसिड्रो को सिनालोआ के गुआसावे में एक कंपाउंड से गिरफ्तार किया गया।
एल चापो इसिड्रो के पकड़े जाने के बाद गुआसावे शहर में मेक्सिको की सेना और मादक पदार्थ गिरोह के बंदूकधारियों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। इसके बाद शहर में ट्रकों और कारोबारी प्रतिष्ठान में आग लगा दी गयी। मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सात संदिग्ध गिरोह सदस्य और चार सैनिक मारे गए। इन झड़पों में बड़े पैमाने पर आम लोगों के घायल होने की खबरें भी हैं। कई घरों और दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
मेजा फ्लोरेस उर्फ एल चापो इसिड्रो कौन है? – मेजा फ्लोरेस उर्फ एल चापो इसिड्रो पहले ‘बेल्ट्रान लेवा’ गिरोह का नेतृत्व करता था और बाद में अपने आपराधिक संगठन ‘मेजा-फ्लोरेस ट्रांसनेशनल क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन’ का प्रमुख बन गया। यह ग्रुप पहले अब खत्म हो चुके बेल्ट्रान लेवा कार्टेल का हिस्सा था, लेकिन 2013 से यह ग्रुप अकेले काम कर रहा है। अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने पर पांच करोड़ डॉलर का इनाम घोषित किया था। उस पर अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी करने और अवैध हथियार रखने के आरोप हैं।
दो बार पहले भी पकड़ने की कोशिश हुई थी नाकाम – एल चापो इसिड्रो को गिरफ्तार करने का ऑफरेशन शुक्रवार को शुरु हुआ था, लेकिन इसकी प्लानिंग बहुत पहले शुरू कर दी गई थी। मैक्सिकन सेना ने बताया है कि उसे पहले भी दो बार पकड़ने की कोशिश की गई थी। उन्होंने कहा कि मेजा फ्लोरेस को पकड़ने में अमेरिका ने भी बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन में मेक्सिको की नेशनल गार्ड की स्पेशल फोर्स, नेशनल आर्मी और US इंटेलिजेंस एजेंसियां शामिल थीं।
ड्रोन सर्विलांस से एल चापो इसिड्रो पर रखी गई नजर – द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसी फाउस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ ‘एल चापो इसिड्रो’ के छिपने वाले इलाके की रेकी के लिए ड्रोन उड़ाए और वहां की गतिविधियों पर आसमान से नजर बनाए रखी। अमेरिकी ड्रोन से मिली जानकारियों के आधार पर मेक्सिकन मिलिट्री एनलिस्ट ने एल चापो इसिड्रो की गतिविधियों का पता लगाया। एजेंसियों ने एल चापो इसिड्रो की बातचीत को इंटरसेप्ट किया। इसके अलावा एजेंसियों ने उसकी मां, पत्नी और बहन के साथ हुए टेक्स्ट मैसेज भी पढ़े।
रेडियो कम्युनिकेशन और फोन हैकिंग से लगाया गया लोकेशन का पता – शुक्रवार को एल चापो इसिड्रो को फोन और रेडियो कम्युनिकेशन के साथ-साथ ड्रोन सर्विलांस की मदद से गुआसावे में एक घर में ट्रैक किया गया। मैक्सिकन स्पेशल फोर्स ने उसकी आवाज, बनावट और चलने के तरीके से कंफर्म किया कि वह वही है, और फिर छापेमारी को अंजाम दिया। एल चापो इसिड्रो के घर पर छापेमारी के पहले अधिकारियों ने सिनालोआ के उत्तर-पश्चिम में एक और शहर लॉस मोचिस में दो और डायवर्जन प्लान किए थे।
एल चापो इसिड्रो की गिरफ्तारी के लिए ब्लैक हॉक का इस्तेमाल – द टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जब छापेमारी से कार्टेल मेंबर्स का ध्यान भटका और उन्होंने सिक्योरिटी फोर्स के साथ गोलीबारी शुरू की, तब जॉइंट स्पेशल फोर्स की एलीट आर्मी यूनिट के दो दर्जन से अधिक अंडरकवर सैनिकों ने एल चापो इसिड्रो की लोकेशन पर धावा बोल दिया। इस दौरान उन्होंने कार्टेल के लड़ाकों पर दो मैक्सिकन ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टरों, आर्मर्ड, माउंटेड पिक-अप ट्रकों से फायरिंग भी की। इससे कार्टेल के लड़ाके मारे गए और कुछ भाग खड़े हुए। बाद में स्पेशल फोर्सेज ने एल चापो इसिड्रो को को पकड़ लिया।
एल चापो इसिड्रो को गुआसावे और सिनालोआ से बाहर कैसे निकाला गया – इसके बाद असली समस्या यह पैदा हो गई कि एल चापो इसिड्रो को गुआसावे और सिनालोआ से बाहर कैसे निकाला जाए। यहां मैक्सिकन आर्मी ने ध्यान भटकाने की योजना बनाई। उन्होंने दो हेलीकॉप्टर घर के ऊपर मंडराए और फिर लॉस मोचिस की तरफ बढ़ गए। इससे उसके कार्टेल के लड़ाकों को लगा कि एल चापो इसिड्रो को वहां से ले जाया जा रहा है। इसी अफरा-तफरी के बीच, स्पेशल फोर्स ने एल चापो इसिड्रो को एक आर्मर्ड गाड़ी में डालकर गुआसावे से बाहर निकाल दिया।