Thursday , November 12 2026 5:12 AM
Home / News / ‘रूस की मदद के लिए भारत ने किया गिरफ्तार’, तिहाड़ में बंद रहे अमेरिकी मैथ्यू वैनडाइक का आरोप, बोला- कई खुलासे करूंगा

‘रूस की मदद के लिए भारत ने किया गिरफ्तार’, तिहाड़ में बंद रहे अमेरिकी मैथ्यू वैनडाइक का आरोप, बोला- कई खुलासे करूंगा


तिहाड़ जेल में छह महीने से ज्यादा तक बंद रहे अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक ने रिहाई के बाद भारत पर कई आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि यूक्रेन युद्ध में सक्रिय होने की वजह से उसे रूस के इशारे पर भारत में पकड़ा गया। मैथ्यू ने जेल में अपने साथ खराब बर्ताव होने की बात कही है। साथ ही ये भी कहा है कि वह जमानत के बाद कोर्ट की तारीखें कर रहे हैं। अक्टूबर में वह कोर्ट में पेश हुए और आगे भी अदालत में हाजिरी देने भारत आएंंगे। मैथ्यू ने अपनी गिरफ्तारी पर आने वाले दिनों में कई और खुलासे करने का भी दावा किया है।
मैथ्यू वैनडाइक को इस साल मार्च में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने गिरफ्तार किया था। उस पर गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत मुकदमा किया गया था, जो बाद में हटा लिया गया। सन्स ऑफ लिबर्टी इंटरनेशनल के संस्थापक मैथ्यू पर म्यांमार में हथियारबंद समूहों को ड्रोन की ट्रेनिंग देने का आरोप था। मैथ्यू भारत में बिना परमिट के पूर्वोत्तर के इलाकों में गया था। सितंबर में मैथ्यू को जमानत मिल गई थी।
क्या हैं मैथ्यू के आरोप – मैथ्यू ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा है, ‘भारत ने मुझे और कई यूक्रेनियों को छह महीने से ज्यादा समय तक जेल में रखा। यह यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध का ही एक हिस्सा था। मैं आने वाले कुछ महीनों में पोस्ट और मीडिया इंटरव्यू के जरिए इस कहानी से जुड़ी चौंकाने वाली बातें सामने लाऊंगा, ये सिलसिला चलता रहेगा।’
मैथ्यू ने दावा किया है कि भारत सरकार ने उस पर कभी ऐसा कोई आरोप भी नहीं लगाया कि वह भारत में हथियारों की तस्करी कर रहा था। इस संबंध में लगे आरोपों को उसने गलत करार दिया है। मैथ्यू ने कहा कि वह 23 अक्टूबर को कोर्ट केस की वजह से भारत लौटा था और फरवरी में भी कोर्ट के लिए वापस भारत आएगा।
‘तिहाड़ जेल में हुआ टॉर्चर’ – दप्रिंट ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक ने अमेरिकी दूतावास को एक हलफनामा भेजा था। इसमें उसने तिहाड़ जेल के अंदर अपने साथ मारपीट और टॉर्चर का दावा किया है। वैनडाइक ने आरोप लगाया है कि जेल के अंदर उनके साथ बार-बार मारपीट की गई। इसमें उनकी छाती पर मुक्के मारना शामिल है। तुरंत मेडिकल मदद की जरूरत होने के बावजूद देर से इलाज दिया गया।
वैनडाइक ने अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों से यह भी कहा कि वे जिन भी भारतीय अधिकारियों से इस बारे में बात करें, उन्हें यह साफ तौर पर बता दें कि अगर NIA की ओर से दाखिल की जाने वाली चार्जशीट की बातों से उन्हें गुस्सा आता है तो वे जेल में हुई कथित प्रताड़ना की जानकारी लेकर मीडिया और अदालतों के पास जाएंगे।