Wednesday , April 23 2025 2:42 PM
Home / Sports / ऋषभ पंत की बहन के संगीत सेरेमनी में जमकर नाचे एमएस धोनी-सुरेश रैना, डांस फ्लोर पर लगाई आग, वीडियो वायरल

ऋषभ पंत की बहन के संगीत सेरेमनी में जमकर नाचे एमएस धोनी-सुरेश रैना, डांस फ्लोर पर लगाई आग, वीडियो वायरल


भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की बहन साक्षी पंत की शादी मसूरी में हो रही है। भारतीय दिग्गज एमएस धोनी और सुरेश रैना संगीत सेरेमनी में ‘दमादम मस्त कलंदर’ गाने पर जमकर डांस करते हुए नजर आए। रिपोर्ट्स के अनुसार, रोहित शर्मा और विराट कोहली भी शादी में शामिल हो सकते हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की बहन साक्षी पंत की शादी मसूरी में हो रही है। बीते दिन ही भारतीय लीजेंड एमएस धोनी को देहरादून एयरपोर्ट पर देखा गया था। इससे अंदाजा लगाया गया था कि माही पंत की बहन की शादी के लिए ही देहरादून आए हैं। वहीं अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। उस वीडियो में एमएस धोनी के साथ पूर्व भारतीय ऑलराउंडर सुरेश रैना भी दिख रहे हैं। दोनों ऋषभ पंत के साथ मिलकर ‘दमादम मस्त कलंदर’ गाने पर जमकर नाच रहे थे।
ऐसा माना जा रहा है कि यह वीडियो ऋषभ पंत की बहन के संगीत सेरेमनी का है। एमएस धोनी और सुरेश रैना के अलावा नीतीश राणा भी नजर आए हैं। इसके अलावा अन्य भारतीय क्रिकेटर्स की भी आने की संभावना है। रिपोर्ट्स हैं कि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली भी शादी में नजर आ सकते हैं।
विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने हाल ही में भारतीय टीम के साथ चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता है। हालांकि, उनको टूर्नामेंट में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। रोहित सेना ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया था। इसी के साथ, भारतीय टीम ने तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी का टाइटल अपने नाम किया है। 12 साल में पहली बार भारत ने कोई आईसीसी वनडे इवेंट जीता है।
आईपीएल में लखनऊ के लिए खेलते नजर आएंगे पंत – आईपीएल 2025 का आगाज 22 मार्च से होने वाला है। वहीं ऋषभ पंत इस सीजन नई फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। पंत को आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में लखनऊ ने 27 करोड़ रुपये की मोटी रकम देकर खरीदा था। वह आईपीएल इतिहास में बिकने वाले सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। उनकी पूर्व फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें मेगा ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया था।