Wednesday , November 25 2026 1:58 AM
Home / News / भारत-नेपाल में लिपुलेख और गोरखा भर्ती पर नहीं हुई बात, मोदी-बालेन शाह का विवादित मुद्दों से किनारा

भारत-नेपाल में लिपुलेख और गोरखा भर्ती पर नहीं हुई बात, मोदी-बालेन शाह का विवादित मुद्दों से किनारा

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पूरी कर स्वदेश लौट चुके हैं। वह रविवार शाम को नई दिल्ली पहुंचे थे। बालेन शाह का सोमवार को राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। इस बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेपाल के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के आर्थिक पैकेज की घोषणा की। इस दौरान पीएम मोदी और बालेन शाह ने दोनों देशों के बीच एक यात्री ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाई। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच विवादित मुद्दों जैसे कालापानी, लिपुलेख सीमा विवाद और गोरखा भर्ती विवाद पर बात नहीं हुई।
भारत-नेपाल सीमा विवाद – भारत और नेपाल के बीच पुराना सीमा विवाद है। दोनों देशों के बीच लगभग 1800 से 1850 किलोमीटर लंबी सीमा है, पूरी तरह खुली हुई है। इसका मतलब है कि भारत-नेपाल सीमा पर अभी तक बाड़बंदी नहीं है। इस सीमा के अधिकतर क्षेत्रों को लेकर दोनों देशों के बीच सहमति है, लेकिन कुछ पॉइंट ऐसे हैं, जिसे लेकर दोनों देशों में विवाद है। इनमें कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा प्रमुख है। यह लगभग 370–372 वर्ग किलोमीटर का क्षेत्र भारत, नेपाल और चीन के ट्राई-जंक्शन के करीब है। दक्षिणी नेपाल और बिहार की सीमा पर स्थित सुस्ता को लेकर भी विवाद है।
गोरखा भर्ती विवाद – भारतीय सेना में अग्निवीर स्कीम के तहत नेपाली गोरखाओं की भर्ती को लेकर विवाद है। नेपाल की तत्कालीन सरकार ने भारतीय सेना की अग्निवीर योजना का विरोध किया और नेपाली गोरखाओं की भर्ती रोक दी। इसके बाद से ही यह भर्ती रुकी हुई है। पुरानी व्यवस्था में गोरखा सैनिक कम से कम 15 साल भारतीय सेना में नौकरी करते थे। लेकिन अग्निवीर योजना में उन्हें सिर्फ 4 साल की नौकरी मिलती। हाल के दिनों में भारतीय सेना में गोरखाओं की भर्ती की मांग को लेकर नेपाल में कई विरोध प्रदर्शन हुए हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही थी कि मोदी-बालेन शाह की बैठक में यह मुद्दा उठ सकता था।
भारत और नेपाल का संबंध सिर्फ पड़ोस का नहीं, बल्कि आपसी निकटता और अटूट विश्वास का है। हम एक-दूसरे की खुशियां साझा करते हैं और चुनौतियों में भी साथ खड़े रहते हैं। हम एक-दूसरे की प्रगति में भागीदार हैं और मुश्किल समय में भी एक-दूसरे का साथ देते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
पीएम मोदी ने बालेन शाह की तारीफ की – नेपाल के पीएम की वाकपटुता की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने संबोधन की शुरुआत में कहा, “कुछ महीने पहले जब बालेन्द्र शाह ने विश्व के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में यूएन को संबोधित किया था, तब हमें उनकी दूरदर्शिता की स्पष्ट झलक दिखाई दी थी। और आज पिछले कुछ घंटों की बातचीत में मैंने नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों के लिए उनके स्पष्ट विजन और प्रतिबद्धता को महसूस किया है।” पीएम ने माना कि इस वर्ष नेपाल की जनता ने जो ऐतिहासिक जनादेश दिया है, वह नेपाल की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दर्शाता है।