Monday , November 23 2026 10:24 PM
Home / News / पाकिस्तान में जुटेंगे 49 देशों के परमाणु विशेषज्ञ, शुरू हो रहा IAEA का बड़ा न्यूक्लियर सिक्योरिटी सम्मेलन

पाकिस्तान में जुटेंगे 49 देशों के परमाणु विशेषज्ञ, शुरू हो रहा IAEA का बड़ा न्यूक्लियर सिक्योरिटी सम्मेलन


पाकिस्तान में 23 से 26 नवंबर तक न्यूक्लियर सिक्योरिटी पर एक बड़ी इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस आयोजित होने वाली है। इसमें NSSC नेटवर्क के 49 सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेने वाले हैं। इस कॉन्फ्रेंस में परमाणु सुरक्षा पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने, ट्रेनिंग सिस्टम को बेहतर बनाने और विशेषज्ञता के एक्सचेंज को बढ़ावा देने पर सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी। इस कॉन्फ्रेंस को लेकर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान भी जारी किया है।
NSSC नेटवर्क की 15वीं सालाना बैठक – इस कॉन्फ्रेंस में इंटरनेशनल नेटवर्क फॉर न्यूक्लियर सिक्योरिटी ट्रेनिंग एंड सपोर्ट सेंटर्स (NSSC नेटवर्क) की 15वीं सालाना बैठक भी होगी। इसका आयोजन इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (IAEA) के साथ मिलकर किया जा रहा है। इस बैठक में IAEA के प्रतिनिधियों और NSSC नेटवर्क के 49 सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेने वाले हैं। पाकिस्तान को उम्मीद है कि इस बैठक से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परमाणु ऊर्जा को लेकर सहयोग बढ़ेगा।
NSSC नेटवर्क क्या है? – NSSC नेटवर्क का पूरा नाम इंटरनेशनल नेटवर्क फॉर न्यूक्लियर सिक्योरिटी ट्रेनिंग एंड सपोर्ट सेंटर्स है। यह विभिन्न देशों के राष्ट्रीय परमाणु सुरक्षा सहायता केंद्रों को एक साथ लाता है।
यह इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी के समन्वय में बना एक वैश्विक मंच है, जिसका उद्देश्य अलग-अलग देशों के बीच परमाणु सुरक्षा से जुड़ी जानकारी, प्रशिक्षण और विशेषज्ञता को साझा करना है।
परमाणु सुरक्षा उपकरणों के रखरखाव और उनके लाइफ साइकिल मैनेजमेंट के लिए तकनीकी सहयोग, सदस्य देशों को परमाणु सुरक्षा के क्षेत्र में विशेषज्ञों और कर्मचारियों की ट्रेनिंग, परमाणु सुरक्षा से जुड़े खतरों की रोकथाम, पहचान और अनुसंधान एवं विकास के लिए विश्लेषण और विशेषज्ञता प्रदान करना है।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने क्या कहा – पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह इस कॉन्फ्रेंस के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परमाणु सुरक्षा को मजबूत करने की कोशिशों को बढ़ा रहा है। वह परमाणु ऊर्जा पर सहयोग, एक्सपर्टीज के आदान-प्रदान और लंबे समय तक चलने वाले इंस्टीट्यूशनल कैपेसिटी डेवलपमेंट के लिए प्रतिबद्ध भी है। पाकिस्तान में 2016 में भी NSSC नेटवर्क की सालाना बैठक का आयोजन हो चुका है।