
रेसलिंग से MMA में चमके संग्राम सिंह ने पाकिस्तानी फाइटर मोहम्मद आबिद अली को 40 सेकंड में ही हराकर सबका दिल जीत लिया। पाकिस्तानी फाइटर पर उनकी यह दूसरी और कुल चौथी जीत है। MMA के मंच पर अपराजित रहने का उनका सिलसिला जारी रहा और वह भी एक चैंपियन के अंदाज में। इस तरह वह एशिया चैंपियन टाइटिल जीतने वाले पहले भारतीय भी बन गए हैं। जीत को लेकर मलयेशियाई दर्शकों में जबरदस्त उत्साह था। एक उत्साही दर्शक तो फाइट के बाद रिंग के बेहद करीब आकर भारत माता की जय के नारे लगाने लगा। उसने अपनी भाषा में उद्घोष किया कि इन पाकिस्तानियों को तो हम हर जगह हराएंगे।
140 करोड़ भारतीयों को समर्पित की अपनी जीत – संग्राम सिंह ने जहां इस जीत को 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित किया, वहीं मोहम्मद बूटा के नाम से मशहूर मोहम्मद आबिद अली ने फेस ऑफ वाले दिन की तरह ही विवादास्पद बयान दिए। उसकी हार की खीझ लगातार बाहर आती रही। उसने कहा कि मलयेशिया में जितने भी मुसलमान हैं, वह उन सबसे बहुत प्यार करते हैं। उनके इस बयान पर भी वहां काफी हूटिंग हुई। वहीं संग्राम सिंह ने कहा कि उनका किसी भी फाइट में एक ही उद्देश्य रहता है कि देश का तिरंगा ऊंचा हो और उन्हें खुशी है कि उन्हें एक बार फिर इसे ऊंचा करने का सौभाग्य मिला। इससे पहले संग्राम सिंह पाकिस्तान के अली रजा नासिर, ट्यूनीशिया के हाकिम तराबेसी और फ्रांस के फ्लोरियन काउडियर को हरा चुके हैं।
चैंपियनशिप से ज्यादा प्रतिष्ठा की थी लड़ाई – फाइनल से पहले वजन और मोहम्मद आबिद अली के बड़ेबोले बयान के बाद यह मुकाबला प्रतिष्ठा की लड़ाई बन चुका था, लेकिन दोहरे हैवीवेट कॉमनवेल्थ चैंपियन ने अपने देशवासियों को निराश नहीं होने दिया। संग्राम सिंह के कोच भुपेश कुमार ने बताया कि मोहम्मद आबिद अली की पंचिंग काफी अच्छी थी। उसने पंचिंग से अटैक किया, जिस पर संग्राम लगातार बचते रहे। उसकी ऊंची कदकाठी होने से उसके पंच की पहुंच भी अच्छी थी जिससे उसका एक पंच संग्राम की आंख पर लगा। उसकी इस खूबी को देखकर संग्राम ने कोई जल्दबाजी या हड़बड़ाहट नहीं दिखाई। हालांकि आबिद भी रेसलिंग से MMA में आए हैं लेकिन रेसलिंग के दांव-पेंचों में संग्राम ने उन्हें बुरी तरह असहाय कर दिया। 30वें सेकंड में संग्राम ने शानदार तरीके से लेग अटैक किया और पलक झपकते ही उन्होंने आबिद पर एंकल होल्ड करके अपनी जीत की आधारशिला रख दी। इसके लिए वह पहले तो आबिद को रिंग के किनारे पर एंकल होल्ड करके उसे खींचकर अंदर लाए और फिर उसी पोजीशन पर उन्होंने आबिद को चोक कर दिया और इसका कोई जवाब आबिद के पास नहीं था।
चैंपियन बनने का सपना हुआ पूरा – संग्राम की इस जीत पर पूरा स्टेडियम खुशी से झूम उठा और इस तरह उनका एशिया चैंपियन बनने का सपना साकार हो गया। संग्राम सिंह ने कहा कि वह मेरे अटैक पर एक्शन को डेड करना चाहता था लेकिन उन्होंने उसे अंदर खींचकर उसकी मंशा को पूरा नहीं होने दिया। वहीं कोच भूपेश ने कहा कि आबिद की ऊंची कदकाठी और पंच लगाने की फुर्ती से एक समय तो लगा था कि यह मुकाबला काफी नजदीकी रहेगा लेकिन कुश्ती का अनुभव उनके बहुत काम आया। अर्जेंटीना में पिछला मुकाबला भी उन्होंने इसी तरह लेग अटैक पर जीता था।
Home / Sports / भारत की जय-जयकार! पाकिस्तानी बॉक्सर को सिर्फ 40 सेकंड में पीट दिया, संग्राम सिंह ने यूं जीती MMA फाइट
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website