Friday , September 4 2026 4:57 PM
Home / Entertainment / Bollywood / शाहरुख खान ने पान मसाला एड पर FDA को नहीं दिया जवाब, बढ़ेंगी मुश्किलें? अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ ने भेजा रिप्लाई

शाहरुख खान ने पान मसाला एड पर FDA को नहीं दिया जवाब, बढ़ेंगी मुश्किलें? अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ ने भेजा रिप्लाई


शाहरुख खान , अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने 14 अगस्त को एक नोटिस जारी किया था। नोटिस ‘च्युइंग इलायची’ ब्रांड का विज्ञापन करने के लिए जारी किया गया था, जिस पर 15 दिन में जवाब न मिलने पर एक्शन की बात कही गई थी। अब जहां अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ ने FDA के पास अपना जवाब सब्मिट कर दिया है, वहीं शाहरुख खान की तरफ से फिलहाल कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला है और उनके जवाब का इंतजार है।
‘सीएनएन-न्यूज18’ की रिपोर्ट के मुताबिक, रेगुलेटर को अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ के जवाब मिल गए हैं, पर शाहरुख का जवाब अभी तक नहीं मिला है। रेगुलेटर ने सवाल उठाया कि क्या यह विज्ञापन विमल पान मसाला के सरोगेट प्रमोशन के बराबर हो सकता है, जिस पर महाराष्ट्र में रोक है। FDA ने तर्क दिया कि भले ही विज्ञापन इलायची प्रोडक्ट के लिए है, लेकिन इसकी ब्रांडिंग पान मसाला ब्रांड के साथ अप्रत्यक्ष कनेक्शन बना सकती है।
FDA ने जारी नोटिस में कही थी यह बात – FDA ने महाराष्ट्रे में पान मसाले और तंबाकू की बिक्री और प्रमोशन के खिलाफ अपना शिकंजा और तगड़ा कसते हुए अजय देवगन, शाहरुख और टाइगर श्रॉफ के खिलाफ नोटिस जारी कियाथा। जारी किए गए FDA के नोटिस में कहा गया कि इस विज्ञापन की जांच करने पर, पहली नजर में ऐसा लगता है कि यह विज्ञापन विमल ब्रांड को प्रमोट करता है। यह ब्रांड मुख्य रूप से पान मसाला से जुड़ा है, एक ऐसा प्रोडक्ट जिसके बनाने, स्टोर करने, ट्रांसपोर्ट करने, बांटने और बेचने पर महाराष्ट्र में एक साल के लिए रोक लगाई गई है। यह रोक महाराष्ट्र राज्य के फूड सेफ्टी कमिश्नर द्वारा FSS एक्ट, 2006 की धारा 30(2)(a) के तहत 13 जुलाई, 2026 के प्रोहिबिशन ऑर्डर में बताई गई तारीख से लागू है।
अजय देवगन, शाहरुख और टाइगर श्रॉफ से मांगे सबूत – ऐसे में तीनों एक्टर्स ने इस बात के सबूत पेश करने को कहा गया कि विमल इलायची का जो विज्ञापन उन्होंने किया है, वो एकदम अलग प्रोडक्ट है या फिर यह बैन विमल पान मसाला और तंबाकू के अन्य प्रोडक्ट्स के प्रमोशन के लिए बनाया गया एक सरोगेट विज्ञापन है। बता दें कि महाराष्ट्र में पान मसाला, गुटखा और तंबाकू जैसी चीजें पूरी तरह से बैन हैं। साल 2012 से ही वहां इन पर बैन लगा दिया गया था।
शाहरुख ने नहीं दिया जवाब, क्या होगा FDA का एक्शन? – अब चूंकि, इस मामले पर अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ का जवाब मिल चुका है, ऐसे में देखना यह होगा कि FDA शाहरुख का जवाब न मिलने पर क्या एक्शन लेगा। वैसे, कहा जा रहा है कि अगर 15 दिन में जवाब नहीं मिला, तो लाखों रुपये का जुर्माना भरना पड़ सकता है या फिर लीगल एक्शन लिया जा सकता है।