
थाईलैंड के एक्टर और ‘माई स्कूल प्रेसिडेंट’ फेम फोर्थ नट्टावाट विवादों में फंस गए हैं। उन्हें और उनके को-स्टार जेमिनी नोरावित हाल ही एक गेम शो में पहुंचे थे। वहां उन्होंने ‘बॉलीवुड हीरोज’ के अंदाज में कुछ डांस मूव्स दिखाए। अब सोशल मीडिया पर शोर मचा हुआ है कि फोर्थ ने बढ़ा-चढ़ाकर कुछ भद्दे इशारे और डांस मूव्स किए, जो हमारी भारतीय संस्कृति का मखौल उड़ाने जैसा है। लिहाजा यूजर्स भड़क गए हैं। फोर्थ नट्टावाट पर ‘लिंगभेद’ (रेसिज्म) के आरोप लग रहे हैं। शो का वीडियो क्लिप जहां खूब सर्कुलेट हो रहा है, वहीं फोर्थ और जेमिनी की आलोचना हो रही है। हालांकि, इस बीच, फोर्थ ने X पर पोस्ट कर माफी भी मांग ली है। जबकि जेमिनी ने भी शुक्रवार, 9 अक्टूबर की सुबह बयान जारी कर अपनी हरकतों के लिए खेद जताया है।
यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ, जब फोर्थ और जेमिनी ‘ए थाई लेट-नाइट शो’ में शामिल हुए थे। शो को कतान्यू सवांगश्री होस्ट कर रहे थे। गेम के दौरान फोर्थ की आंखों पर पट्टी बंधी थी और उन्हें ‘बॉलीवुड हीरो’ का अंदाजा लगाना था। जेमिनी बिना शब्दों का इस्तेमाल किए उन्हें हिंट दे रहे थे। इस दौरान दोनों के हाव-भाव और फोर्थ के बढ़ा-चढ़ाकर किए गए ‘डांस मूव्स’ को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे। भारतीय फैंस का कहना है कि यह हिंदुस्तान की संस्कृति और डांस को इस तरह दिखाना सही नहीं है।
फोर्थ नट्टावाट ने X पर पोस्ट कर मांगी माफी – फोर्थ ने गुरुवार, 8 अक्टूबर को विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह हमेशा समानता और विविधता का समर्थन करते आए हैं। उन्होंने साफ किया कि उनका मकसद किसी का भी मजाक उड़ाना नहीं था और उनकी हरकतें गेम का हिस्सा थीं। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि उनके व्यवहार से लोगों की भावनाएं आहत हुईं, जिसके लिए उन्होंने खास तौर पर भारतीय फैंस से माफी मांगी। उन्होंने X पर लिखा, ‘मैंने हमेशा समानता और विविधता को माना है और उनका समर्थन किया है, और हमेशा करता रहूंगा। मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि मेरी किसी भी नस्ल का मजाक उड़ाने का कोई इरादा या सोच नहीं थी। मैं पूरी ईमानदारी से कहता हूं कि यह सिर्फ एक गेम खेलने का हिस्सा था। हालांकि, अगर मेरी किसी हरकत से किसी की भी भावनाएं आहत हुई हैं, चाहे वे कोई भी हों, और खासकर भारतीय फैंस से तो मैं दिल से माफी मांगना चाहता हूं। यह मेरे लिए आगे अपने व्यवहार को बेहतर बनाने का एक अहम सबक होगा।’
जेमिनी नोरावित ने भी जारी किया बयान – फोर्थ के बाद उनके को-स्टार जेमिनी नोरावित ने भी 9 अक्टूबर को X पर पोस्ट कर माफी मांगी। गेम के दौरान जेमिनी को हंसते हुए देखा गया था, जिसके बाद उन्हें भी आलोचना का सामना करना पड़ा। उन्होंने अपने बयान में कहा कि वीडियो से कई लोगों को परेशानी हुई और उनका किसी देश, संस्कृति या वहां के लोगों का अपमान करने का इरादा नहीं था। जेमिनी ने लिखा, ‘जो घटना हुई और मेरी हरकतों से जो नकारात्मक भावनाएं पैदा हुईं, उसके लिए मैं माफ़ी मांगता हूं। मैं समझता हूं कि जो फुटेज जारी किया गया, उससे कई लोगों को परेशानी या गलतफहमी हो सकती है।’
जेमिनी नोरावित ने अपनी हरकत पर जताया अफसोस – जेमिनी नोरावित ने आगे कहा, ‘मैं यह साफ करना चाहता हूं कि जिस मुद्दे पर अभी चर्चा हो रही है, उसका मजाक उड़ाने का मेरा कोई इरादा नहीं था। न ही मेरा किसी देश, संस्कृति या लोगों को नीचा दिखाने, उनका अपमान करने या उन्हें कमतर समझने का कोई इरादा था। हालांकि, मैं समझता हूं कि मेरे काम अनुचित लग सकते हैं, और इस घटना से प्रभावित सभी लोगों से मैं दिल से माफी मांगता हूं। आगे से मैं अपने कामों को लेकर ज्यादा सावधान रहूंगा। मुझे सच में बहुत अफसोस है।’
Home / Entertainment / थाई एक्टर पर भारतीय संस्कृति के अपमान का आरोप, फोर्थ नट्टावाट ने ‘बॉलीवुड’ की नकल कर उड़ाया मजाक, भड़के लोग
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website