Tuesday , May 26 2026 10:48 AM
Home / News / भारत के हाथ में खेल रहा तालिबान, आदेश उनको दिल्ली से आते हैं: पाकिस्तानी रक्षा मंत्री

भारत के हाथ में खेल रहा तालिबान, आदेश उनको दिल्ली से आते हैं: पाकिस्तानी रक्षा मंत्री


पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बाद फिर अफगान तालिबान पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि अफगान तालिबान भारत के हाथों में खेल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि तालिबान को भारत से आदेश मिल रहे हैं। ख्वाजा आसिफ ने यह भी कहा कि तालिबान उन्हें सुरक्षा की गारंटी लिखकर देने को तैयार नहीं है। उनका यह बयान तब आया है, जब पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर हालात तनावपूर्ण हैं और दोनों पक्षों में लगातार झड़पें हो रही हैं।
पाकिस्तान रक्षा मंत्री ने क्या कहा? – ख्वाजा आसिफ ने कहा, “वो हिंदुस्तान के हाथ में खेल रहे हैं। जब तक हिंदुस्तान उनको हां नहीं कहेगा वो किसी जगह पर हामी नहीं भरेंगे। निर्देश उनको दिल्ली से आते हैं।” जब उनसे पूछा गया कि तालिबान का कहना है कि वो लिखकर देने को तैयार हैं कि उनकी जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ नहीं होगा। इस पर ख्वाजा आसिफ ने कहा, “नहीं, उन्होंने मेरे सामने इनकार किया है। तीन बार मैं उनसे मिला हूं। मैंने उनसे कहा है कि आप हमें लिखकर दें। उन्होंने कहा है कि हम जुबानी तौर पर आपके साथ हामी भरते हैं, लिखकर नहीं देंगे। ये मुझे कहा है उन्होंने।”
पाकिस्तान और अफगानिस्तान में हालात तनावपूर्ण – पाकिस्तान और अफगानिस्तान में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। दोनों देशों के बीच सीमा पर लगातार संघर्ष की खबरें आ रही हैं। अफगानिस्तान-पाकिस्तान में संघर्ष का प्रमुख कारण सीमा विवाद, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को पनाह देने का आरो और पाकिस्तान के हवाई हमले हैं। एक वक्त ऐसा भी था, जब पाकिस्तान अफगान तालिबान का सबसे बड़ा रणनीतिक समर्थक था। तालिबान के सभी बड़े नेता पाकिस्तान में पनाह लेते थे। लेकिन, अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद हालात बदल गए हैं।
टीटीपी आतंकियों को लेकर संबंधों में दरार – पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान में तालिबान सरकार TTP को सुरक्षित पनाह देती है। टीटीपी आतंकवादी पाकिस्तान में सुरक्षा बलों पर लगातार घातक हमले करते रहे हैं। पाकिस्तान का कहना है कि टीटीपी आतंकी हमले के बाद सीमा पार कर अफगानिस्तान में जाकर छिप जाते हैं, जिससे उनके खिलाफ कार्रवाई करना मुश्किल हो जाता है। हालांकि, तालिबान इन आरोपों को सिरे से खारिज करता रहा है। उसका कहना है कि पाकिस्तान अपनी आंतरिक नाकामियों को छिपाने के लिए झूठे आरोप लगाता रहता है।