Wednesday , July 1 2026 6:27 PM
Home / Sports / बेटे ने टीम का वर्ल्ड कप सपना टूटने से बचाया, पिता के लिए आंसू रोकना हुआ मुश्किल, एर्लिंग हालैंड का आखिरी मिनटों में जादुई गोल

बेटे ने टीम का वर्ल्ड कप सपना टूटने से बचाया, पिता के लिए आंसू रोकना हुआ मुश्किल, एर्लिंग हालैंड का आखिरी मिनटों में जादुई गोल


फीफा वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट (राउंड ऑफ 32) मुकाबले में नॉर्वे ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह पक्की कर ली है। डलास में खेले गए इस बेहद रोमांचक और कड़े मुकाबले में नॉर्वे की जीत के हीरो एक बार फिर स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड रहे जिन्होंने अंतिम पलों में जादुई गोल दागकर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
टीम को वर्ल्ड कप से बाहर होने से बचाया – मैच के दौरान दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। जब ऐसा लगने लगा था कि मुकाबला 1-1 की बराबरी पर छूटेगा और मैच एक्स्ट्रा टाइम में खिंच जाएगा ठीक उसी वक्त 86वें मिनट में मैनचेस्टर सिटी के स्टार फॉरवर्ड एर्लिंग हालैंड ने अपनी क्लास दिखाई। उन्होंने आइवरी कोस्ट के डिफेंस को भेदते हुए गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया और स्कोर 2-1 कर दिया। हालैंड का यह निर्णायक गोल अंत में टीम की जीत का जरिया बना।
हालैंड के पिता हो गए भावुक – इस ऐतिहासिक गोल के बाद मैदान के साथ-साथ स्टैंड्स में भी भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मैच का लाइव प्रसारण कर रहे कैमरों ने हालैंड के पिता और नॉर्वे के पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर अल्फ-इंगे हालैंड की तरफ रुख किया, जो इस ऐतिहासिक पल को देखकर पूरी तरह भावुक हो गए थे। अपने बेटे को दुनिया के सबसे बड़े मंच पर नायक बनते देख वह अपने आंसू नहीं रोक पाए और चेहरे पर हाथ रखकर रोने लगे।
वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल – पिता और बेटे के बीच का यह बेहद भावुक और यादगार पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। फुटबॉल फैंस इस वीडियो को खूब शेयर कर रहे हैं और पिता के इस गर्व भरे आंसुओं की सराहना कर रहे हैं। इस जीत के साथ ही एर्लिंग हालैंड ने इस टूर्नामेंट में अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखा है और नॉर्वे के वर्ल्ड कप जीतने के सपने को मजबूती से जिंदा रखा है।