
हॉलीवुड के दिग्गज एक्टर ‘एक्स-मैन’ फेम सर पैट्रिक स्टीवर्ट का 86 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर में आखिरी सांस ली। ‘स्टार ट्रेक’ और ‘एक्स-मैन’ जैसी फिल्मों से मशहूर स्टीवर्ट अपने अंतिम वक्त में परिवार और दोस्तों के साथ रह रहे थे।
दिवंगत एक्टर के ऑफिशियल ‘एक्स’ अकाउंट से उनके निधन की जानकारी पोस्ट की गई। पोस्ट में कहा गया कि सर पैट्रिक स्टीवर्ट का लॉस एंजिलिस स्थित उनके घर पर निधन हो गया। अंतिम समय में उनकी पत्नी सनी उनके साथ थीं। वह कुछ समय से अल्जाइमर और डिमेंशिया जैसी बीमारियों से जूझ रहे थे।
अंतिम दिनों में सर पैट्रिक स्टीवर्ट परिवार और करीबी मित्रों के स्नेह से घिरे रहे – परिवार की ओर से शेयर किए मेसेज में कहा गया कि अपने अंतिम दिनों में सर पैट्रिक स्टीवर्ट परिवार और करीबी मित्रों के स्नेह से घिरे रहे। इस दौरान उनके आसपास संगीत, प्रार्थनाएं, भावनात्मक पल और अपनों का साथ मौजूद रहा। परिवार ने कहा कि जीवनभर अपने काम और व्यक्तित्व से लोगों को प्रेरित करने वाले सर पैट्रिक की स्मृतियां हमेशा उनके साथ रहेंगी। पोस्ट में उनके शांत और सहज चेहरे का भी जिक्र किया गया, जिसे परिवार ने उनकी गरिमा, सौम्यता और खास व्यक्तित्व का प्रतीक बताया।
छह दशकों के शानदार करियर का सफर – उन्होंने लिखा, ‘वेस्ट राइडिंग ऑफ यॉर्कशायर के मिरफील्ड के बेटे, उन्होंने रॉयल शेक्सपियर कंपनी से लेकर ब्रॉडवे, सिल्वर स्क्रीन और टेलीविजन तक छह दशकों के शानदार करियर का सफर तय किया।’
उनकी तीसरी पत्नी सिंगर सनी ओजेल – ‘एक्स मैन’ फेम एक्टर के परिवार में उनकी तीसरी पत्नी सिंगर सनी ओजेल हैं। इसके अलावा, उनकी पहली पत्नी और एक्ट्रेस शीला फाल्कनर से उनके दो बच्चे, डैनियल और सोफिया भी हैं।
वूल्वरिन का किरदार निभाने वाले हॉलीवुड सुपरस्टार ह्यू जैकमैन बोले – उनके निधन की खबर आते ही एक्स-मैन फ्रेंचाइजी में वूल्वरिन का किरदार निभाने वाले हॉलीवुड सुपरस्टार ह्यू जैकमैन ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘आज हमने मंच और पर्दे के एक महान कलाकार को खो दिया। और मेरी नजर में एक जबरदस्त दोस्त और इंसान को। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा। मैं तुम्हें हमेशा याद करूंगा, पैट्रिक स्टीवर्ट।’
डिमेंशिया क्या है और इसके लक्षण – बता दें कि डिमेंशिया ऐसी मनोदशा है, जिसमें मस्तिष्क की कार्यक्षमता प्रभावित होती है। यह कोई एक अकेली बीमारी नहीं है, बल्कि याददाश्त, सोचने-समझने की क्षमता, तर्क करने की झमता, भाषा और व्यवहार में आई ऐसी भारी कमी है जो व्यक्ति के डेली रूटीन और सामान्य कामकाज में बाधा डालती है।
• बार-बार चीजें भूलना या फिर हाल में हुई बातें याद न रख पाना
• जानी-पहचानी जगहों पर रास्ता भूल जाना
• बातचीत करने, सही शब्द खोजने या दूसरों की बात समझने में दिक्तत आना
• रोजमर्रा के साधारण काम (जैसे पैसे संभालना या बिल भरना) करने में परेशानी
• स्वभाव, मनोदशा (मूड) या व्यवहार में अचानक बदलाव आना
Home / Entertainment / नहीं रहे ‘एक्स-मेन’ फेम सर पैट्रिक स्टीवर्ट, डिमेंशिया और अल्जाइमर से जूझ रहे थे, आखिरी फिल्म जल्द हो रही रिलीज
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website