Monday , July 6 2026 6:09 AM
Home / Uncategorized / ‘ईरानी नेताओं को एक शॉट में खत्म कर सकते हैं’, खामेनेई के अंतिम संस्कार पर बोले ट्रंप, ईरानियों को रोते देख हैरान

‘ईरानी नेताओं को एक शॉट में खत्म कर सकते हैं’, खामेनेई के अंतिम संस्कार पर बोले ट्रंप, ईरानियों को रोते देख हैरान


डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका चाहे तो खामेनेई के अंतिम संस्कार कार्यक्रम के दौरान ईरान के बचे हुए नेताओं को एक शॉट में खत्म कर सकता है। ट्रंप का बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान में दिवंगत सुप्रीम लीडर अली खामेनेई को अंतिम संस्कार कार्यक्रम चल रहा है। इसके पहले ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका ने ईरान को अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए एक सप्ताह की मोहलत दी है और इस दौरान उस पर हमले न करने की बात कही थी।
ईरान में खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए एक सप्ताह तक चलने वाले शोक समाराह में देश के शीर्ष अधिकारियों समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। 37 साल तक ईरान पर शासन करने वाले सुप्रीम लीडर खामेनेई अमेरिका-इजरायल के हमले में 28 फरवरी को मारे गए थे। पहले दिन उन सैन्य जनरलों को देखा गया जो युद्ध के बाद से ही छिपकर रह रहे थे।
ट्रंप ने ईरानी नेताओं को मारने पर क्या कहा? – अमेरिकी मीडिया आउटलेट एक्सियोस से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, वे सभी वहां (अंतिम संस्कार में) मौजूद हैं। बस एक शॉट (और सभी खत्म), लेकिन हम ऐसा नहीं करने जा रहे हैं, क्योंकि तब हमारे पास बातचीत करने के लिए कोई नहीं बचेगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान में अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में रोते हुए लोगों को देखकर हैरानी जताई। ट्रंप ने कहा कि उन्हें अंतिम संस्कार के दौरान कुछ ईरानियों को रोते देखकर हैरानी हुई, क्योंकि उन्हें लगता था कि लोग अली खामेनेई से नफरत करते हैं। उन्होंने कहा, “हो सकता है ये झूठे आंसू हों।”
ईरान में खामेनेई का भव्य अंतिम संस्कार – तेहरान के ग्रैंड मोसाला धार्मिक परिसर में सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के पार्थिव शरीर को रखा गया है, ताकि ईरानी लोग अपने दिवंगत नेता को आखिरी विदाई दे सकें।
तेहरान में लाखों लोग अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंच रहे हैं। ग्रैंड मोसाला के अंदर और आसपास इलाके में भारी भीड़ पहुंच रही है।
ईरानी लोग अपनी छाती पीटते हुए और रोते हुए सुप्रीम लीडर की मौत का मातम मना रहे हैं। शिया इस्लाम में रोते हुए मातम मनाने की परंपरा पुरानी है।
अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोग लाल झंडा लेकर आ रहे हैं, जिसे बदले का प्रतीक माना जाता है। लोग अमेरिका मुर्दाबाद और बदला-बदला के नारे लगा रहे हैं।