Wednesday , November 25 2026 4:22 PM
Home / Business & Tech / 96% भारतीय कर्मचारी कर रहे AI टूल्स का इस्तेमाल, रिपोर्ट में दावा- 9 देशों में सबसे आगे भारत

96% भारतीय कर्मचारी कर रहे AI टूल्स का इस्तेमाल, रिपोर्ट में दावा- 9 देशों में सबसे आगे भारत


ग्लोबल कंसल्टेंसी फर्म- बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (BCG) की नई रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 96 प्रतिशत कर्मचारी रोजाना या फिर हफ्ते में दो से तीन बार AI टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। एशिया-प्रशांत क्षेत्र के नौ प्रमुख देशों की तुलना में भारत इस मामले में सबसे आगे है। रिपोर्ट का दिलचस्प पहलू यह है कि AI के रेगुलर यूज से भारतीय कर्मचारियों के काम करने की रफ्तार बढ़ी है और उनके हर हफ्ते औसतन 15 घंटे बच रहे हैं।
BCG ने अपनी रिपोर्ट ‘फॉर एशिया-पैसिफिक, स्ट्रैटेजिक क्लैरिटी इज द की टू वैल्यू’ में बताया है कि पूरे एशिया-प्रशांत क्षेत्र में नियमित रूप से AI का इस्तेमाल करने वाले कर्मचारियों का औसत 85 प्रतिशत है और वहां हर हफ्ते औसतन 9.4 घंटे की बचत हो रही है। इस तुलना में भारतीय कर्मचारी काफी आगे निकल गए हैं।
ट्रेनिंग और नियम तो बने, लेकिन स्पष्टता की कमी – कर्मचारियों के बीच AI को लेकर उत्साह तो जबरदस्त है, लेकिन कंपनियों के स्तर पर अभी भी कुछ सुधार की गुंजाइश है। रिपोर्ट में कुछ खास बातों को उजागर किया गया है।
सही ट्रेनिंग और नियम: भारत में 42 प्रतिशत कर्मचारियों का मानना है कि उन्हें AI का बेहतर इस्तेमाल करने के लिए पर्याप्त ट्रेनिंग मिली है। वहीं, 59 प्रतिशत कर्मचारियों ने बताया कि उनके दफ्तरों में इंसान और AI के साथ मिलकर काम करने के लिए स्पष्ट नियम बनाए गए हैं।
रणनीतिक स्पष्टता की कमी: रिपोर्ट में एक बड़ी चुनौती की ओर भी इशारा किया गया है। भारत में केवल 38 प्रतिशत कर्मचारियों को ही इस बात की साफ जानकारी है कि उनकी कंपनी AI के इस्तेमाल से असल में क्या हासिल करना चाहती है और इसमें उनकी अपनी भूमिका क्या है।
कंपनियों के लिए क्या है संदेश? – BCG X के इंडिया हेड निपुण कालरा का कहना है कि AI न केवल काम पूरा करने की गति बदल रहा है, बल्कि यह भी तय कर रहा है कि कर्मचारी किन जरूरी कामों पर अपना ध्यान केंद्रित कर सकते हैं।
”अब कंपनियों के लीडर्स को चाहिए कि वे काम करने के पुराने तरीकों में बदलाव करें, कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाएं और AI के इस्तेमाल से बेहतर कारोबारी नतीजे हासिल करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दें।” – निपुण कालरा, इंडिया हेड, BCG X