Saturday , March 15 2025 7:33 PM
Home / Sports / 5 साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी जिन्हें रोकने से ही बनेगा टीम इंडिया का काम, चल गए तो मिलेगी एक और हार

5 साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी जिन्हें रोकने से ही बनेगा टीम इंडिया का काम, चल गए तो मिलेगी एक और हार


साउथ अफ्रीका और भारत के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला कुछ ही घंटों में शुरू होगा। केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर यह मुकाबला होगा। यहां भारतीय टीम अभी तक एक ही टेस्ट नहीं जीत पाई है। इसलिए पहला टेस्ट हारने वाली रोहित सेना के लिए चुनौती काफी बड़ी है। उसे साउथ अफ्रीका को टक्कर देने के लिए भी अपना खेल का स्तर काफी ऊपर उठाना होगा। हम आज आपको साउथ अफ्रीका के उन 5 खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें रोके बिना भारत दूसरा टेस्ट नहीं जीत सकता है।
मार्को यानसेन – मार्को यानसेन सिर्फ गेंद से ही परेशान नहीं करते हैं। वह बल्ले से भी गेंदबाजों की नींद उड़ाने की क्षमता रखते हैं। पहले टेस्ट में उनकी पारी भारत के हार की बड़ी वजह रही। उनके पास गेंद को दोनों तरफ स्विंग करवाने की क्षमता भी है।
डेविड बेडिंगहम – डेविड बेडिंगहम ने इसी सीरीज में टेस्ट डेब्यू किया है। लेकिन वह मंझे हुए खिलाड़ी हैं। उनके पास काउंटी क्रिकेट खेलने का काफी अनुभव है। न्यूलैंड्स उनका घरेलू मैदान भी है। भारतीय टीम किसी भी कीमत पर उन्हें रोकना चाहेगी।
नांद्रे बर्गर – बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर ने भारत के इसी दौरे पर इंटरनेशनल डेब्यू किया था। अपने टेस्ट डेब्यू में ही उन्होंने 7 बल्लेबाजों का शिकार किया था। भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज को उनसे बचकर रहना होगा।
डीन एल्गर – अनुभवी बल्लेबाज डीन एल्गर के करियर का यह आखिरी टेस्ट मैच है। एल्गर ने पहले टेस्ट में शतक लगाया था। वह बड़ी पारी के साथ अपने करियर का अंत करना चाहेंगे। इस मैच में वह कप्तान भी हैं। उनकी सबसे बड़ी खासियत है कि स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ भी आसानी से रन बनाते हैं।
कागिसो रबाडा – कागिसो रबाडा भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ा खतरा होंगे। पहले मैच में उन्होंने दोनों पारियों में रोहित शर्मा का विकेट लिया था। विराट कोहली और श्रेयस अय्यर भी रबाडा की गेंद पर आउट हुए थे। यही वजह है कि भारतीय टीम को जीत हासिल करने के लिए उनका डटकर सामना करना होगा।