Friday , September 4 2026 4:15 PM
Home / Sports / दो मैच खेलकर ही एशिया कप के सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय महिला टीम, पाकिस्तान पर अभी भी लटक रही तलवार

दो मैच खेलकर ही एशिया कप के सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय महिला टीम, पाकिस्तान पर अभी भी लटक रही तलवार


UAE में खेले जा रहे महिला एशिया कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। हरमनप्रीत कौर की कमान वाली भारतीय टीम ने हांगकांग को 137 रनों के विशाल अंतर से करारी शिकस्त देकर सबसे पहले सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है। सात बार की चैंपियन भारत ने ग्रुप-ए में लगातार दो जीत और +5.775 की शानदार नेट रन रेट के साथ शीर्ष स्थान पर अपनी जगह मजबूत कर ली है। अब भारतीय टीम 5 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करने उतरेगी। पाकिस्तान की महिला टीम दूसरे स्थान पर मौजूद है। उन्हें सेमीफाइनल में जाने के लिए भारत या हांग कांग में से किसी एक के खिलाफ जीत हासिल करनी ही होगी।
स्मृति मंधाना का ऐतिहासिक शतक – भारतीय टीम की इस धमाकेदार जीत की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना रहीं। मंधाना ने हांगकांग के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए महज 64 गेंदों में 14 चौकों और 7 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 124 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपना शतक 57 गेंदों में पूरा किया।
यह मंधाना का इंटरनेशनल क्रिकेट में 18वां शतक था। इसके साथ ही उन्होंने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग और साउथ अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ड्ट (17-17 शतक) को पीछे छोड़कर इतिहास रच दिया। मंधाना अब महिला क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतक लगाने वाली दुनिया की नंबर-1 बल्लेबाज बन गई हैं।
मैच का पूरा हाल – दुबई में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 193 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। मंधाना के 124 रनों के अलावा शेफाली वर्मा ने 17 गेंदों में 28 रनों की आक्रामक पारी खेली। 194 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हांगकांग की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई और 16.2 ओवर में महज 56 रनों पर ढेर हो गई। भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए केवल 9 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि नंदनी शर्मा, प्रेमा रावत और श्री चरणी ने 2-2 विकेट हासिल किए।