Saturday , April 25 2026 5:50 PM
Home / News / संयुक्‍त राष्‍ट्र में भारत की दावेदारी को मिला अरबपति एलन मस्‍क का साथ, क्‍यों घबरा रहा पाकिस्‍तान? समझें डर

संयुक्‍त राष्‍ट्र में भारत की दावेदारी को मिला अरबपति एलन मस्‍क का साथ, क्‍यों घबरा रहा पाकिस्‍तान? समझें डर


दुनिया के सबसे अमीर अरबपति और टेस्‍ला कार कंपनी के मालिक एलन मस्‍क ने संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में स्‍थायी सदस्‍यता देने के लिए भारत की दावेदारी का खुलकर समर्थन किया है। यही नहीं मस्‍क ने धरती पर अधिक आबादी वाले देश भारत के साथ हो रहे भेदभाव को लेकर दुनिया को जमकर सुना दिया। एलन मस्‍क ने कहा कि भारत को सुरक्षा परिषद की स्‍थायी सदस्‍यता नहीं देना बेतुका है। टेस्‍ला सीईओ के इस बयान के बाद पाकिस्‍तान में घबराहट बढ़ गई है। चीन के इशारे पर पाकिस्‍तान लंबे समय से भारत की दावेदारी का कड़ा विरोध कर रहा है। आइए समझते हैं पूरा मामला
पाकिस्‍तान का कहना है कि भारत दुनिया के इस सबसे शक्तिशाली निकाय में स्‍थायी सदस्‍य बनने का हकदार नहीं है। वहीं एलन मस्‍क ने कहा कि दुनिया के शक्तिशाली देश अपनी पोजिशन को छोड़ना नहीं चाहते हैं। एलन मस्‍क ने अपने प्‍लेटफार्म एक्‍स पर लिखा, ‘संयुक्‍त राष्‍ट्र के निकायों में समीक्षा की जरूरत है। समस्‍या यह है कि जिनके पास बहुत ज्‍यादा शक्ति है, वे इसे छोड़ना नहीं चाहते हैं। यह हास्‍यास्‍पद है कि धरती पर सबसे ज्‍यादा आबादी होने के बाद भी भारत को सुरक्षा पर‍िषद में स्‍थायी सदस्‍यता नहीं दी गई है। मेरी राय है कि अफ्रीका को भी सामूह‍िक रूप से एक स्‍थायी सीट दी जानी चाहिए।’
भारत का बढ़ेगा कद, परेशान पाकिस्‍तान – भारत की संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में दावेदारी का पाकिस्‍तान लंबे समय से विरोध करता रहा है। दरअसल, संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद वैश्विक शांति और सुरक्षा में निर्णायक भूमिका निभाता है। तेजी से उभरता भारत सुरक्षा पर‍िषद में स्‍थायी सदस्‍यता चाहता है। इससे भारत का कद वैश्विक स्‍तर पर बढ़ जाएगा और यही हिंदुस्‍तान से दुश्‍मनी करके बैठे पाकिस्‍तान को सबसे ज्‍यादा डरा रहा है। सुरक्षा परिषद की स्‍थायी सदस्‍यता मिलने पर भारत को वीटो पावर मिल जाएगा और वह किसी भी विरोधी प्रस्‍ताव को आसानी से रोक सकता है।
पाकिस्‍तानी विश्‍लेषकों का कहना है कि भारत कश्‍मीर को लेकर आने वाले किसी भी प्रस्‍ताव को वीटो लगाकर आसानी से रोक सकता है। यही नहीं भारत राजनयिक रास्‍ते से पाकिस्‍तान को अलग थलग कर सकता है। यही चिंता पाकिस्‍तान को खाए जा रही है। पाकिस्‍तान ही नहीं उसके आका चीन को भी यह डर सता रहा है कि अगर भारत को स्‍थायी सदस्‍यता मिलती है तो एशिया में उसका दबदबा खत्‍म हो जाएगा। इस बीच संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव एंटोनियो गुटरेस ने संगठन को आधुनिक दुनिया को अपनाने के लिए कहा है।