
पाकिस्तान से सटे ईरान के दक्षिण-पूर्व इलाके में अज्ञात बंदूकधारियों ने शनिवार को अंधाधुंध फायरिंग कर नौ लोगों की हत्या कर दी। मरने वाले सभी लोग पाकिस्तान के नागरिक थे। गोलीबारी ईरान के सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत के सरावन शहर में हुई। यहां ये लोग वाहनों को रिपेयर करने वाली एक दुकान में काम करते थे। इस घटना के बाद तेहरान में पाकिस्तानी राजदूत मुहम्मद मुदस्सिर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए मृतकों के परिवारों से शोक जताते हुए लिखा कि सरावन में 9 पाकिस्तानियों की भयावह हत्या से वह गहरे सदमे में हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि हमने ईरान से इस मामले में पूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलूच ने कहा कि यह एक भयावह घटना है। हम ईरानी अधिकारियों के संपर्क में हैं। हमने उनसे इस जघन्य अपराध में शामिल लोगों पर तुरंत कार्रवाई करने की जरूरत पर जोर दिया है। पाकिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री जलील अब्बास जिलानी ने हमले पर दुख जताते हुए कहा कि यह जघन्य हमला हमारे दुश्मन की ओर से पाकिस्तान और ईरान के बीच संबंधों को खराब करने का एक प्रयास है। हम ईरानी सरकार से इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई का आग्रह करते हैं।
दोनों देशों में तनातनी के बाद हुआ ये हमला – ईरान और पाकिस्तान के बीच हालिया दिनों में हुई तनातदनी के बाद अब रिश्ते सामान्य हो रहे हैं. इसी बीच ये घटना हुई है। ईरान ने 16 जनवरी को पाकिस्तान में बलूचिस्तान प्रान्त के पंजगुर में आतंकी समूह जैश अल-अदल के ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए थे। पाकिस्तान की सरकार और सेना इस पर भड़क गई थी। करीब 48 घंटे बाद ही पाकिस्तान की ओर से भी ईरान के सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी और बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट के ठिकानों पर हमले किए गए। इसके बाद दोनों देशों के रिश्ते काफी ज्यादा खराब हो गए थे लेकिन बीते कुछ दिनों में दोनों देशों ने कई चैनल के जरिए बातचीत करते हुए संबंधों को सामान्य करने की कोशिश की है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website