Friday , August 8 2025 1:17 PM
Home / News / रूसी हमें भूखा रख रहे, जबरन यूक्रेन जंग में भेजा… भारतीयों ने बताई खौफनाक कहानी, नेपाल में भी घिरे दोस्‍त पुतिन

रूसी हमें भूखा रख रहे, जबरन यूक्रेन जंग में भेजा… भारतीयों ने बताई खौफनाक कहानी, नेपाल में भी घिरे दोस्‍त पुतिन


नेपाल के बाद अब यूक्रेन की जंग में फंसे भारतीय नागरिकों ने अपनी खौफनाक कहानी बयान करना तेज कर दिया है और भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है। ताजा मामले में 7 से ज्‍यादा भारतीयों के दल ने दो वीडियो जारी किया है और बताया किस तरह से उन्‍हें प्रताड़‍ित किया जा रहा है और जंग के मैदान में जबरन भेजा जा रहा है। इन भारतीयों की पहचान गगनदीप सिंह, लवप्रीत सिंह, नरैन सिंह, गुरप्रीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, हर्ष कुमार और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। इनमें से 5 भारतीय पंजाब और दो अन्‍य हरियाणा के हैं। इन लोगों ने बताया कि वे टूरिस्‍ट वीजा पर रूस गए थे और रूसी पुलिस ने 10 साल जेल भेजने की धमकी देकर उन्‍हें ‘हेल्‍पर’ के रूप में यूक्रेन की जंग में भेज दिया।
इनमें से एक भारतीय ने कहा, ‘हमें यह बताया गया कि हमको केवल हेल्‍पर के रूप में काम करना होगा। लेकिन उन्‍होंने हमें हथियारों और गोला बारूद की ट्रेनिंग के लिए शामिल कर लिया। अब हमें यूक्रेन भेजने की तैयारी है। रूसी सैनिक हमें भूखा रख रहे हैं और हमारे फोन को भी छीन लिया है।’ यह वीडियो 3 मार्च का बताया जा रहा है। रूस में फंसे भारतीय नागरिक ने बताया कि कई बार गुहार लगाई है लेकिन रूसी सेना उसे अनसुना कर दे रही है। उन्‍होंने कहा, ‘रूसी सेना ने हमें बताया कि हम एक साल के बाद ही जा सकते हैं। वे हमसे कह रहे हैं कि मदद करो ताकि रूस युद्ध जीत सके। हम नहीं जानते हैं कि उन्‍हें कैसे मदद करना है। अगर हम नहीं करेंगे तो हम जिंदा नहीं रहेंगे।’
रूसी सेना में करीब 100 भारतीय फंसे – वहीं एक अन्‍य भारतीय ने कहा कि हमने अपने दर्द को पहले भी बताया था। रूस हो या यूक्रेन यहां पर कई भारतीय हैं जो फंसे हुए हैं। हम भारतीय दूतावास और भारत सरकार से अनुरोध करते हैं कि वे हमारी मदद करें। यह हमारा अंतिम वीडियो हो सकता है। रूसी सेना हमें यूक्रेन में युद्ध क्षेत्र में भेजने जा रही है। इससे पहले भी कई भारतीयों ने भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई थी। द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक करीब 100 भारतीयों को पिछले एक साल में रूसी सेना में शामिल किया गया है।
इस बीच भारतीय व‍िदेश मंत्रालय ने कहा है कि उनके कड़े व‍िरोध के बाद कई भारतीयों को रूसी सेना से हटा दिया गया है। भारत ने जोर देकर कहा कि ‘करीब 20 भारतीयों’ ने भारतीय दूतावास से मदद मांगी है। उन्‍होंने भारत सरकार से वापस लाने में मदद मांगी है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता ने कहा है कि भारत सरकार रूस के साथ इस पूरे मामले को लेकर संपर्क में है। भारतीय नागरिकों को वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस खुलासे के बाद अब रूस की पुतिन सरकार चौतरफा घिर गई है।