
शंघाई: भारत ने गैर-ओलिंपिक कंपाउंड तीरंदाजी में अपना दबदबा बनाते हुए शंघाई में चल रहे विश्व कप के पहले चरण में टीम स्पर्धाओं में क्लीन स्वीप करते हुए गोल्ड मेडलों की हैट्रिक लगायी। सत्र के इस पहले वैश्विक टूर्नामेंट में भारत की महिला कंपाउंड टीम ने इटली को 236-225 से हराया। ज्योति सुरेखा वेन्नम, अदिति स्वामी और परनीत कौर की भारतीय तिकड़ी ने 24 तीरों में सिर्फ चार अंक गंवाये और छठी वरीयता प्राप्त इटली को बड़े अंतर से हराकर गोल्ड मेडल से खाता खोला।
एक दिन में भारत को तीन गोल्ड – पुरुष टीम में अभिषेक वर्मा, प्रियांश और प्रथमेश एफ ने नीदरलैंड को 238-231 से मात दी। नीदरलैंड की टीम में माइक शोलेसर, सिल पीटर और स्टेफ विलेम्स थे। इसके बाद भारत की मिश्रित टीम ने कंपाउंड वर्ग में तीसरा गोल्ड मेडल जीतकर क्लीन स्वीप किया। दूसरी वरीयता प्राप्त ज्योति और अभिषेक की जोड़ी ने एस्तोनिया की लिसेल जात्मा और रोबिन जात्मा की मिश्रित जोड़ी को रोमांचक मुकाबले में 158-157 से मात दी।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website