
ज्यूरिख। विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था (फीफा) ने कहा कि वह विश्व कप में खेलने वाली कुल टीमों की संख्या 48 करेगा और 2026 के टूर्नामेंट में वर्तमान 32 टीमों में 16 अतिरिक्त टीमों को जोड़ेगा।
फीफा अध्यक्ष जियानी इंफेनटिनो 3-3 टीमों के 16 ग्रुप के पक्ष में हैं, जिनमें से प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें अगले दौर में पहुंचेगी। इस तरह से उस दौर में वर्तमान समय के बराबर 32 टीमें रह जाएंगी।
इंफेनटिनो ने चुनाव के दौरान वादा किया था कि वह विश्व कप का आकार बढ़ाएंगे और इससे फीफा के 211 सदस्यों के लिए अधिक धनराशि जुटाने में मदद मिलेगी।
अभी विश्व कप में 64 मैच खेले जाते हैं, लेकिन 48 टीमों को शामिल करने पर मैचों की संख्या 80 हो जाएगी और इससे प्रसारण और प्रायोजन समझौतों, टिकट बिक्री से 2018 विश्व कप की तुलना में अतिरिक्त कमाई होगी।
फीफा के छह महाद्वीपों को मई तक पता चल जाएगा कि उन्हें कितने अतिरिक्त स्थान मिलेंगे। यूएफा 16 यूरोपीय टीमों को 2026 विश्व कप में चाहता है, जोकि संभवतः उत्तरी अमेरिका में आयोजित किया जाएगा।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website