ओमान में एक मस्जिद के करीब फायरिंग हुई है। फायरिंग में 4 लोगों की मौत हो गई। अभी इस बात की जानकारी नहीं है कि फायरिंग एक आतंकी हमला था या नहीं। ओमान की पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने एक्स पर इस घटना की जानकारी दी, जिसमें उसने मौतों की पुष्टि की है।
ओमान में एक मस्जिद के करीब फायरिंग का मामला सामने आया है। ओमान के वादी अल-कबीर में एक मस्जिद के पास गोलीबारी में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। रॉयल ओमान पुलिस ने एक्स पर पोस्ट कर इसके बारे में जानकारी दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक रॉयल ओमान पुलिस ने वादी अल कबीर क्षेत्र में एक मस्जिद के आसपास गोलीबारी की घटना देखी है। इसके परिणामस्वरूप चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने आगे कहा कि वह स्थिति से निपटने के लिए सभी सुरक्षा उपाय अपना रहे हैं। सबूत इकट्ठा करने और जांच की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पोस्ट में आगे कहा गया कि रॉयल ओमान पुलिस मृतकों और घायलों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती है। ओमान पश्चिमी एशिया में अरब प्रायद्वीप के दक्षिणपूर्वी तट पर स्थित है। इसकी सीमा उत्तर में यूएई, पश्चिम में सऊदी अरब और दक्षिण में यमन से लगती है। इसकी तटरेखा अरब सागर और ओमान की खाड़ी से लगती है।