Tuesday , July 1 2025 4:26 AM
Home / News / चाबहार पोर्ट पर अमेरिका से बात कर रहा है भारत… ईरानी विदेश मंत्री का बड़ा बयान, बोले- हमें दिल्ली पर भरोसा

चाबहार पोर्ट पर अमेरिका से बात कर रहा है भारत… ईरानी विदेश मंत्री का बड़ा बयान, बोले- हमें दिल्ली पर भरोसा


ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास ने कहा कि भारत और ईरान में ऐतिहासिक रूप से अच्छे संबंध रहे हैं। उन्होंने बताया कि चाबहार पर भारत और ईरान के बीच 10 साल का समझौता है। अमेरिका की ओर से जो एतराज आ रहे हैं, उस पर भारत बात कर रहा है।
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची का कहना है कि अमेरिका और भारत के बीच चाबहार बंदरगाह पर बातचीत चल रही है। उन्होंने ये भी बताया कि यमन में मौत की सजा पाई भारतीय नर्स के मामले में उनकी सरकार कोशिश कर रही है। अब्बास अराघची ने कहा कि भारत हमेशा ही ईरान के लिए अच्छा सहयोगी रहा है। दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक रूप से अच्छे संबंध हैं और दोनों ही रिश्ते को बेहतर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ईरानी विदेश मंत्री ने मस्कट में इंडियन ओशन कॉन्फ्रेंस के दौरान WION के सिद्धांत सिब्बल से बातचीत में ये कहा है।
ईरान के विदेश मंत्री सैय्यद अब्बास अराघची ने WION से कहा कि ट्रंप प्रशासन से चाबहार बंदरगाह पर छूट को लेकर भारत सरकार अमेरिका के साथ बातचीत कर रही है। अराघची ने कहा, ‘हमारा भारत के साथ 10 साल का समझौता है। कुछ सवाल तीसरे पक्ष की ओर से उठाए गए हैं। भारत इस बारे में अमेरिका के साथ बातचीत में हैं।’ अराघची ने संकेत दिया कि रणनीतिक रूप से अहम चाबहार बंदरगाह के मामले में ईरान भारत पर भरोसा कर रहा है।
हमें भारत पर भरोसा: अराघची – अराघची ने आगे कहा, ‘चाबहार बंदरगाह पर भारत क्योंकि अमेरिकियों के साथ बातचीत कर रहे हैं। इसलिए हमने इसे अपने दोस्तों पर छोड़ा है कि वे फैसला करें। हम ये जानते हैं कि चाबहार बहुत महत्वपूर्ण बंदरगाह है, जो भारत को ईरान, मध्य एशिया और दूसरे स्थानों से जोड़ता है। यह हम दोनों के लिए रणनीतिक महत्व रखता है। दोनों पक्षों की चाबहार के माध्यम से सहयोग करने की दृढ़ता है। हम देखते हैं कि जो समस्याएं हैं, उनसे कैसे निपटा जाता है।’