Saturday , September 5 2026 5:39 AM
Home / News / अमेरिका में पाकिस्तानी खेल, लग्जरी होटल में प्रवासियों को ठहराकर झटक लिए करोड़ों डॉलर, ट्रंप के आते ही खत्म हुई डील

अमेरिका में पाकिस्तानी खेल, लग्जरी होटल में प्रवासियों को ठहराकर झटक लिए करोड़ों डॉलर, ट्रंप के आते ही खत्म हुई डील


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सख्त रुख के बाद न्यूयॉर्क सिटी ने पाकिस्तान के साथ 22 करोड़ डॉलर के सौदे को रद्द कर दिया है। इस डील के तहत शहर में मौजूद पाकिस्तान सरकार के मालिकाना हक वाले एक प्रतिष्ठित होटल के जरिए इस्लामाबाद को मोटी रकम मिल रही थी।
कंगाल पाकिस्तान को अमेरिका ने बड़ा झटका दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सख्त रुख के बाद न्यूयॉर्क शहर ने पाकिस्तान के स्वामित्व वाले प्रतिष्ठित रूजवेल्ट होटल को एक प्रवासी आश्रय स्थल बनाने के लिए 22 करोड़ डॉलर के सौदे को रद्द कर दिया है। ये फैसला ऐसे समय में हुआ है, जब ट्रंप प्रशासन और उनके समर्थकों ने अमेरिका में आप्रवासन को आसान बनाने के लिए अमेरिकी करदाताओं के पैसे के बेजा इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए इसके खिलाफ अभियान चला रखा था।
न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने प्रवासियों को रखने के लिए बदनाम इस शेल्टर साइट को बंद करने की घोषणा की है। कहा जाता है कि इस होटल के 1015 कमरों में प्रति रात 200 डॉलर में हजारों प्रवासियों को रखा गया था। रूजवेल्ट होटल शेल्टर और इनटेक सेंटर को मई 2023 में खोला गया था, जिसके लिए पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस के साथ तीन साल के लिए 22 करोड़ डॉलर की डील की गई थी। इसे आगमन केंद्र और शरण चाहने वाले लोगों के लिए आश्रय स्थल के रूप में काम करना था।
पाकिस्तान सरकार के होटल में शेल्टर – पाकिस्तान की सरकारी एयरलाइंस पीआईए ने साल 2005 में 3.6 करोड़ डॉलर में इस होटल में सऊदी हिस्सेदारी खरीदी थी। इस तरह होटल में पाकिस्तान सरकार का मालिकाना हक है। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, प्रवासियों की बढ़ती संख्या ने शहर के अधिकारियों को रूजवेल्ट को शहर के आश्रय स्थल के रूप में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। मई 2023 से फरवरी 2024 के बीच 173,000 लोगों ने होटल में सेवाओं के लिए साइन अप किया।
लेकिन प्रवासी शेल्टर में बदलने के बाद इस होटल में कई समस्याएं आईं। होटल के बाहर डेरा डाले शरणार्थियों को देखकर दक्षिणपंथी और यहां तक कि कुछ न्यूयॉर्कर भी भड़क गए। ट्रंप और उनके समर्थकों ने डेमोक्रेट्स पर अमेरिकी करदाताओं के खर्च पर अवैध प्रवासियों को लग्जरी होटलों में ठहराए जाने का आरोप लगाया।
पाकिस्तान सरकार को पैसे देने का आरोप – ट्रंप के समर्थक और राष्ट्रपति बनने की रेस में हिस्सा ले चुके विवेक रामास्वामी ने होटल में प्रवासियों को रोकने पर नाराजगी जताई थी। रामास्वामी ने कहा था कि ‘अवैध प्रवासियों के लिए करदाताओं द्वारा वित्तपोषित होटल का स्वामित्व पाकिस्तानी सरकार के पास है, जिसका मतलब है कि NYC के करदाता वास्तव में हमारे अपने देश में अवैध प्रवासियों को रखने के लिए एक विदेशी सरकार को भुगतान कर रहे हैं। यह पागलपन है।’
ट्रंप ने हाल ही में जब भारत में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के लिए यूएसएआईडी 2.1 करोड़ डॉलर के आवंटन की बात कही थी, उसी समय पाकिस्तान के मालिकाना हक वाले होटल में घोटाले का खुलासा किया था। ट्रंप ने बताया कि बाइडन प्रशासन ने न्यूयॉर्क शहर के एक अनिर्दिष्ट होटल को 5.9 करोड़ डॉलर का भुगतान किया था। ट्रंप के बगल में खड़े मस्क ने कहा था कि न्यूयॉर्क शहर प्रशासन होटल के कमरे के लिए सामान्य दर से दोगुना भुगतान कर रहा था।