Monday , June 30 2025 7:05 PM
Home / News / हूतियों की चलाई एक-एक गोली का हिसाब ईरान से लेंगे… लाल सागर में हमले से भड़के ट्रंप, दी खुली धमकी

हूतियों की चलाई एक-एक गोली का हिसाब ईरान से लेंगे… लाल सागर में हमले से भड़के ट्रंप, दी खुली धमकी


डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी जहाज पर हूती विद्रोहियों के किसी भी हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि हूतियों की हर गोली को ईरान का हमला माना जाएगा और ईरान को इसके परिणाम भुगतने होंगे। अमेरिकी बलों ने यमन में हमले भी किए हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से होने वाले किसी भी हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराएगा। ट्रंप की ओर से सोमवार को ईरान को यह धमकी दी गई है। अमेरिका की ओर से यमन में हवाई हमले करने और हूती विद्रोहियों के लाल सागर में जवाबी अटैक के बाद ट्रंप की यह धमकी आई है। हूतियों ने हमास के समर्थन के लिए लाल सागर से गुजरने वाले अमेरिका और इजरायल के जहाजों पर लगातार हमले किए हैं। अमेरिका का कहना है कि इस गुट को ईरान से मदद मिल रही है।
अमेरिका ने हूतियों को निशाना बनाने की बात कहते हुए बीते हफ्ते यमन में भीषण हवाई हमले किए हैं। इसके बाद हूतियों ने भी लाल सागर में अमेरिकी युद्धपोत पर हमला किया है। हूतियों ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने 24 घंटे में दो बार अमेरिकी विमानवाहक पोत USS हैरी ट्रूमैन और उसके साथ के युद्धपोतों को निशाना बनाया। इसके बाद ट्रंप की ये नई धमकी आई है, जिसमें ईरान को भी चेताया गया है।
ईरान को मानेंगे जिम्मेदार – डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हूतियों की ओर से चलने वाली हर गोली के लिए ईरान जिम्मेदार होगा। ईरान को इसके परिणाम भुगतने होंगे। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘हूतियों के दागे गए हर शॉट को ईरान के हथियारों और नेतृत्व से दागा गया माना जाएगा। ईरान को जिम्मेदार ठहराया जाएगा और उसे इसका अंजाम भी भुगतना होगा।’
ट्रंप ने कहा कि ईरान आतंकी गुटों को समर्थन देता है और कहता है कि उसका उन पर कोई नियंत्रण नहीं है। ट्रंप ने कहा कि हूतियों के किसी भी हमले का ताकत के साथ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि जवाब सिर्फ हूतियों तक ही सीमित रहे। इस बीच हूती नेता अब्दुल मलिक ने कहा है कि यूएस अगर यमन पर हमले करेगा तो उनका गुट भी लाल सागर में अमेरिकी सैन्य जहाजों को निशाना बनाएगा।
लाल सागर में अमेरिका के लिए खड़ी की मुश्किल – हूती विद्रोहियों ने गाजा में युद्ध शुरू होने के बाद लाल सागर में जहाजों पर हमले करके दुनिया का ध्यान खींचा है। इजरायल, अमेरिका और उसके सहयोगियों के जहाजों को हूतियों ने निशाना बनाया है। इससे दुनिया के सबसे व्यस्त शिपिंग मार्गों में से एक युद्ध क्षेत्र में बदल गया है। इसके चलते अमेरिकी जहाजों को रास्ता बदलना पड़ा है। अब अमेरिका के सैन्य जहाजों पर भी हूतियों ने हमला किया है।