
जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के आगामी वनडे दौरों के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम की घोषणा कर दी गई है जिसमें स्टार बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन को बाहर का रास्ता दिखाया गया है। पाकिस्तान और बांग्लादेश के हालिया दौरों पर वनडे में लाबुशेन का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। हालांकि, बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी मैच में निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने नाबाद 55 रनों की पारी जरूर खेली थी लेकिन वह अपनी जगह बचाने में नाकाम रहे।
लाबुशेन हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम से ड्रॉप – टीम में ट्रैविस हेड और मिचेल मार्श की वापसी के चलते सेलेक्टर्स के पास लाबुशेन को नजरअंदाज करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था। वनडे टीम से बाहर होने के बाद अब लाबुशेन के टेस्ट करियर पर भी तलवार लटकती दिख रही है। बांग्लादेश के खिलाफ पिछली टेस्ट सीरीज में भी उनका बल्ला खामोश रहा था ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए उन्हें टीम में जगह मिलती है या नहीं।
नए खिलाड़ियों को किया गया शामिल – दूसरी तरफ, सेलेक्टर्स ने युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। न्यू साउथ वेल्स के ऑलराउंडर जोएल डेविस को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है और उन्हें पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है। वहीं, बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज ओली पीक भी अपनी जगह बनाए रखने में सफल रहे हैं। साल 2027 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से इन दोनों दौरों के कुल 6 मुकाबलों को बेहद अहम माना जा रहा है।
मार्श भी करेंगे टीम की कप्तानी – टीम की कमान में भी बदलाव देखने को मिलेगा। जिम्बाब्वे दौरे पर मिचेल मार्श ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करेंगे जबकि नियमित वनडे कप्तान पैट कमिंस दक्षिण अफ्रीका दौरे से टीम से जुड़ेंगे। वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए दक्षिण अफ्रीका में कमिंस और मार्श मिलकर कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क भी दक्षिण अफ्रीका दौरे पर वापसी करेंगे जबकि जोश हेजलवुड दोनों दौरों का हिस्सा रहेंगे।
कूपर कॉनोली टीम में मौजूद – इसके अलावा, भारत दौरे पर जाने वाली ऑस्ट्रेलिया ए टीम और इस वनडे स्क्वाड के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली नहीं की गई है। हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर में 149 रनों की धमाकेदार पारी खेलने वाले कूपर कॉनोली को लाल गेंद के मैचों के बजाय वनडे टीम में ही बरकरार रखा गया है।
दौरे की शुरुआत 15 सितंबर को हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे से होगी, जिसके बाद अन्य दो मैच 18 और 20 सितंबर को खेले जाएंगे। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम दक्षिण अफ्रीका का रुख करेगी जहां 24 सितंबर को डरबन, 27 सितंबर को जोहान्सबर्ग और 30 सितंबर को पोचेफस्ट्रूम में मुकाबले खेले जाएंगे।
जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका दौरों के लिए ऑस्ट्रेलिया का वनडे स्क्वाड: – मिचेल मार्श (कप्तान- जिम्बाब्वे दौरा), पैट कमिंस (कप्तान- केवल दक्षिण अफ्रीका दौरा), जेवियर बार्टलेट, एलेक्स केरी, कूपर कॉनोली, जोएल डेविस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, ओलिवर पीक, मैथ्यू रेनशॉ, बिली स्टेनलेक, मिचेल स्टार्क (केवल दक्षिण अफ्रीका दौरा), एडम जम्पा।
Home / Sports / पाकिस्तान ही नहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम में भी बड़ी हलचल, वर्ल्ड कप जिताने वाले खिलाड़ी को अचानक कर दिया टीम से बाहर
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website