
अमेरिका की फ्लोरिडा यूनिवर्सिटी में गोलीबारी की घटना के बाद दहशत का माहौल है। पुलिस ने हमलावर को हिरासत में ले लिया है, जो स्थानीय महिला पुलिस अधिकारी का बेटा बताया जा रहा है। उसने यूनिवर्सिटी के अंदर गोलीबारी के लिए अपनी मां की सर्विस गन का ही इस्तेमाल किया।
अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य की एक यूनिवर्सिटी में सामूहिक गोलीबारी की घटना हुई है, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। फ्लोरिडा की पुलिस ने बताया कि स्थानीय डेप्युटी शेरिफ के बेटे ने पुराने सर्विस गन से फ्लोरिडा स्टेट यूनिवर्सिटी में छात्रों पर गोलीबारी की। गोलीबारी शुरू होने के बाद परिसर को बंद कर दिया गया और छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर रहने का आदेश दिया गया। हमलावर की पहचान फीनिक्स इकनर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उसे हिरासत में ले लिया गया है। गोलीबारी की घटना के बाद पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यूनिवर्सिटी का छात्र था इकनर – लियोन काउंटी के शेरिफ वॉल्ट मैकनील ने संवाददाताओं को बताया कि 20 वर्षीय इकनर यूनिवर्सिटी का पूर्व छात्र और उनके स्टाफ के एक सदस्य का बेटा था। उन्होंने कहा, ‘दुर्भाग्य से उनके बेटे के पास उनके हथियारों में से एक तक पहुंच थी और वह हथियार घटनास्थल पर पाया गया।’ हमलावर छात्र को स्थानीय पुलिस ने गोली मारकर घायल कर दिया था और हिरासत में ले लिया।
चश्मदीदों ने बताया दहशत का मंजर – गोली लगने के बाद इकनर को अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत के बारे में तत्काल पता नहीं चल पाया है। सोशल मीडिया पर सामने आ रहे फुटेज में एक युवक लॉन पर चलता हुआ और भागने की कोशिश कर रहे लोगों पर गोली चलाता हुआ दिखाई दिया। समाचार एजेंसी एएफपी ने चश्मदीदों के हवाले से बताया कि घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल था। गोलियां चलने के कारण लोग जान बचाने के लिए बदहवास भाग रहे थे।
Home / News / अमेरिकी की यूनिवर्सिटी में दहशत का मंजर, डेप्युटी शेरिफ के बेटे ने की अंधाधुंध फायरिंग, 2 की मौत और 5 घायल
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website