Tuesday , July 1 2025 12:37 AM
Home / News / चीन ने दिखाई अमेरिका किलर परमाणु बैलिस्टिक मिसाइल DF-5B, जापान पर गिराए एटम बम से 200 गुना खतरनाक, 12000 किमी रेंज

चीन ने दिखाई अमेरिका किलर परमाणु बैलिस्टिक मिसाइल DF-5B, जापान पर गिराए एटम बम से 200 गुना खतरनाक, 12000 किमी रेंज


चीन ने अपनी खतरनाक अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल डीएफ-5बी के बारे में पहली बार खुलासा किया है। चीन का यह हथियार अमेरिका तक हमला करने में सक्षम है। यह जापान पर गिराए गए एटम बम से भी ज्यादा खतरनाक हथियार ले जा सकती है।
चीन ने पहली बार अपनी परमाणु अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) DF-5B की क्षमताओं को दुनिया के सामने दिखाया है। न्यूक्लियर हथियार ले जाने में सक्षम यह मिसाइल चीन के परमाणु प्रतिरोध का प्रमुख हिस्सा है। अमेरिका तक हमला करने की रेंज वाला यह महाविनाशक किसी भी विरोधी पर तबाही ला सकता है, जो इसे चीनी मिसाइल शस्त्रागार के सबसे खतरनाक और शक्तिशाली हथियारों में एक बनाता है। चीन का परमाणु कार्यक्रम पारंपरिक रूप से अत्यधिक गोपनीय रहा है। ऐसे में साफ नहीं है कि डीएफ-5बी के बारे में जानकारी सार्वजनिक क्यों की गई है। ये जानकारी ऐसे समय जारी की गई है, जब चीन और अमेरिका के बीच ट्रेड वॉर चल रही है।
एक साथ कई परमाणु वारहेड ले जाने की क्षमता – चीनी सरकारी प्रसारक ने मिसाइल के बारे में खुलासा करते हुए इसे चीन की पहली पीढ़ी की रणनीतिक आईसीबीएम के रूप में बताया। यह शीत युद्ध के दौरान विकसित किए गए पहले के DF-5 मॉडल का महत्वपूर्ण अपग्रेड है, जिसमें सबसे महत्वपूर्ण MIRV यानी मल्टीपल इंडिपेंडेंटली टार्गेटेड रीएंट्री व्हीकल टेक्नोलॉजी का एकीकरण है। यह प्रणाली मिसाइल को कई परमाणु वारहेड ले जाने और छोड़ने में सक्षम बनाती है। मूल डीएफ-5 में केवल एक वारहेड था, जबकि डीएफ-5बी कथित तौर पर छह से दस वारहेड ले जा सकती है।
इसका हर एक वारहेड स्वतंत्र रूप से वायुमंडल में वापस प्रवेश करता है, जिससे मिसाइल रक्षा प्रणालियों के लिए इसे रोकना बहुत मुश्किल हो जाता है। यह डीएफ-5बी की मारक क्षमता को बढ़ाता है। इसमें सैटेलाइट-असिस्टेड नेविगेशन सिस्टम का संयोजन शामिल है, जो पिछले संस्करणों की तुलना में काफी सटीक क्षमता देता है।
4 मेगाटन टीएनटी क्षमता वाला परमाणु वारहेड – चीनी अंतरमहाद्वीपीय मिसाइल 3 से 4 मेगाटन टीएनटी के बीच विस्फोटक के साथ परमाणु वारहेड ले जाने में सक्षम है। इस तरह मिसाइल की वारहेड क्षमता द्वितीय विश्वयुद्ध के अंत में हिरोशिमा और नागासाकी पर गिराए गए परमाणु बमों से लगभग 200 गुना अधिक है। मिसाइल को 1970 के दशक की शुरुआत में विकसित किया गया था और 1981 में पहली बार सेवा में शामिल किया गया, जिसने चीन की परमाणु प्रतिरोध नीति में महत्वपूर्ण निभाई।
अमेरिका तक हमला करने की रेंज – डीएफ-5बी मिसाइल की हमला करने की अधिकतम रेंज 12000 किलोमीटर है, जो इसे अमेरिका और पश्चिमी यूरोप पर हमला करने में सक्षम बनाती है। यह तय किए गए लक्ष्य पर 500 मीटर के भीतर सटीक हमला कर सकती है, जो आधुनिक सैन्य सिद्धांतों के अनुसार एक महत्वपूर्ण कारक है। चीनी प्रसारक ने बताया कि मिसाइल 32.6 मीटर लंबी, 3.35 मीटर व्यास वाली और 183 टन वजनी है।