
मेक्सिको में एक धार्मिक समारोह के दौरान गोलीबारी में 12 लोग मारे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि घटना गुआनाजुआटो राज्य के इलापुआटो शहर की है। गोलीबारी उस समय शुरू हुई, जब लोग सेंट जॉन द बैपटिस्ट के जश्न में सड़क पर नाच रहे थे। घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें लोग चिल्लाते और गोलीबारी से बचने के लिए भागते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने बताया कि भीड़ पर गोलीबारी की घटना में अब तक 12 लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 20 अन्य घायल हुए हैं।
गुआनाजुआटो में अटॉर्नी जनरल के कार्यालय ने बताया कि 20 अन्य लोगों को गोली लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में एक 17 वर्षीय नाबालिग भी शामिल है। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने हमले पर दुख जताते हुए कहा कि इसकी जांच की जा रही है। हाल के हफ्तों यह इस तरह की दूसरी घटना है। गुआनाजुआटो में पिछले महीने भी ऐसी ही एक घटना हुई थी, जब सैन बार्टोलो डे बेरियोस में कैथोलिक चर्च के एक समारोह में गोलीबारी की गई थी। उस गोलीबारी में 7 लोगों की मौत हुई थी।
हिंसा की चपेट में राज्य – मेक्सिको सिटी के उत्तर-पश्चिम में स्थित गुआनाजुआटो देश के सबसे हिंसक राज्यों में से एक है। अधिकारी इस हिंसा के लिए संगठित अपराध समूहों के बीच होने वाली झड़कों को जिम्मेदार मानते हैं, जिसमें सांता रोजा डे लीमा गिरोह और जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल शामिल हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, राज्य ने साल के पहले पांच महीनों में 1,435 हत्याएं दर्ज की हैं – जो किसी भी अन्य मैक्सिकन राज्य की तुलना में दोगुनी से भी ज्यादा है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website