
अमेरिका के समर्थन से मध्यस्थ मिस्र और कतर ने इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम सुनिश्चित करने के लिए लंबे समय से कोशिश की है। इसमें अब उनको बड़ी कामयाबी मिली है।
गाजा में 22 महीने से चल रहे भीषण युद्ध को समाप्त करने की दिशा में कामयाबी मिलती दिख रही है। फिलिस्तीनी गुट हमास ने गाजा में युद्धविराम के नए प्रस्ताव को मान लिया है। मध्यस्थ देशों मिस्र और कतर की ओर से यह प्रस्ताव हमास के सामने पेश किया गया था। इस पर हमास ने कहा कि वह बातचीत के लिए तैयार है। हालांकि इजरायल की ओर से अभी तक इस पर कोई जवाब नहीं दिया है। इजरायल का सकारात्मक जवाब आया तो गाजा में युद्ध रुक जाएगा।
हमास के सूत्र ने एएफपी को बताया कि हमास ने मध्यस्थों से कहा है कि वह और सहयोगी गुट बिना संशोधन के युद्धविराम प्रस्ताव पर सहमत हैं। फिलिस्तीनी अधिकारियों ने बताया कि नए प्रस्ताव में 60 दिनों का युद्धविराम होगा। इस दौरान कम से कम 10 जीवित इजरायली बंधकों को रिहा किया जाएगा और कुछ शव लौटाए जाएंगे। फिलिस्तीनी सूत्र ने कहा कि मध्यस्थों की ओर से समझौते की घोषणा होने की उम्मीद है। इसके बाद वार्ता शुरू करने की तारीख तय की जाएगी।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website