
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर व्लादिमीर पुतिन को घेरा था। उन्होंने तंज कसते हुए पुतिन को कागज का शेर कहा था। इस पर अब पुतिन ने ट्रंप को जवाब दिया है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने खुद को कागजी शेर कहने पर डोनाल्ड ट्रंप को जवाब दिया है। पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को चेताते हुए कहा है कि यूरोप सैन्य गतिविधियों के जरिए उकसाना जारी रखेगा तो उसे त्वरित और कड़ा जवाब दिया जाएगा। रूस ऐसा करेगा क्योंकि रूसी नाटो की तरह कागजी शेर नहीं है। पुतिन की यह टिप्पणी ट्रंप के उस बयान का जवाब है, जिसमें उन्होंने कहा कि यूक्रेन अपनी जमीन कागजी शेर रूस से लड़कर वापस जीत लेगा।
अमेरिका के यूक्रेन को टॉमहॉक क्रूज मिसाइल देने पर रूस भड़का हुआ है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को एक कार्यक्रम में बोलते हुए कहा, ‘हम यूरोप के बढ़ते सैन्यीकरण पर नजर रख रहे हैं। हम साफ कर देना चाहते हैं कि रूस को जवाबी कार्रवाई करने में समय नहीं लगेगा। रूस ऐसे खतरों का जवाब बहुत कड़ा और निर्णायक जवाब देगा। रूस सख्त सैन्य फैसले लेने में कभी भी कमजोरी नहीं दिखाएगा।’
यूरोप चीजों को खराब ना करे – पुतिन ने यूरोप पर सैन्य खर्च के नाम पर उन्माद भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रूस कोई खतरा नहीं है, ऐसे में यूरोप को चाहिए कि वह शांत हो जाए। डोनाल्ड ट्रंप की कागजी शेर की टिप्पणी पर पुतिन ने कहा, ‘हम पूरे नाटो समूह के साथ युद्ध में हैं और मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं। इसके बावजूद हमें कागजी शेर कहा जा रहा है। अगर हम कागजी शेर हैं तो तो फिर नाटो क्या है?’
व्लादिमीर पुतिन ने भारत और चीन पर रूस के साथ ऊर्जा संबंध तोड़ने के लिए दबाव बनाने के अमेरिका पर निशाना साधा। पुतिन ने चेतावनी दी कि ट्रंप के ये कदम आर्थिक रूप से उलटे पड़ सकते हैं। रूस के व्यापारिक साझेदारों पर टैरिफ लगाए जाते हैं तो इससे वैश्विक कीमतें बढ़ेंगी। इसके नतीजे के तौर पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व को ब्याज दरें ऊंची रखने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
Home / News / रूस कागजी शेर तो NATO क्या है? ट्रंप के तंज पर भड़के पुतिन बोले- जवाब देने में नहीं लगाएंगे समय
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website