Wednesday , March 18 2026 8:57 PM
Home / News / संयुक्त राष्ट्र पर क्यों भड़का भारत, पाकिस्तान की सदस्यता वाली UNSC को जमकर खरीखोटी सुनाई

संयुक्त राष्ट्र पर क्यों भड़का भारत, पाकिस्तान की सदस्यता वाली UNSC को जमकर खरीखोटी सुनाई


भारत ने संयुक्त राष्ट्र को जमकर खरीखोटी सुनाई है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने G4 देशों के साथ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में बदलावों की मांग को लेकर चेतावनी जारी की है। यूएनएससी में सुधारों की मांग लंबे समय से चल रही है। लेकिन, यूएनएससी के स्थायी देशों की हठधर्मिता के कारण ये सुधार लंबे समय में अटके हुए हैं। भारत भी G4 का सदस्य देश है, जो लंबे समय से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधारों की वकालत करता है। इसमें भारत, ब्राजील, जर्मनी और जापान शामिल हैं, जो यूएनएससी में स्थायी सीटों के लिए एक दूसरे का समर्थन भी करते हैं। वर्तमान में पाकिस्तान भी एशिया-पैसिफिक से यूएनएससी का अस्थायी सदस्य है। उसकी सदस्यता दिसंबर 2026 में खत्म होगी।
भारत ने यूएनएससी में सुधारों की मांग की – G4 देशों ने कहा कि सिक्योरिटी काउंसिल में सुधारों में देरी से इंसानों को और ज्यादा तकलीफ और दुख होगा। इसके साथ G4 ने यूएन की ओर से फैसले लेने वाले सबसे बड़े विभाग को फिर से बनाने के लिए जल्दी कार्रवाई का एक मॉडल भी पेश किया। यूएन में स्थायी सदस्यता के लिए भारत का कई देशों ने समर्थन किया है। ऐसे में यूएन में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने बुधवार को सुरक्षा परिषद में सुधार के लिए इंटर-गवर्नमेंटल नेगोशिएशन (आईजीएन) में G4 की तरफ से कहा, “चल रहे झगड़ों में हर दिन अनगिनत बेगुनाह जानें जा रही हैं, इसलिए हमें मिलकर हर पल को कीमती बनाना होगा।”
भारतीय प्रतिनिधि ने कहा, “दुनिया ऐसे समय से गुजर रही है, जो पहले कभी नहीं हुआ। यूएन की विश्वसनीयता और असर पर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि वह बढ़ते झगड़ों से निपटने में नाकाम है। दशकों से, जैसा है वैसा ही करने वाले लोग रुकावटें खड़ी कर रहे हैं और आगे बढ़ने में रुकावट डाल रहे हैं। ऐसा करके, वे सुरक्षा परिषद की नाकामी में हिस्सा ले रहे हैं।”