Thursday , March 19 2026 9:02 AM
Home / News / F-18 फाइटर जेट को भूल जाइए, अमेरिका ला रहा चीनी लड़ाकू व‍िमानों का काल, F/A-XX करेगा सबकी छुट्टी!

F-18 फाइटर जेट को भूल जाइए, अमेरिका ला रहा चीनी लड़ाकू व‍िमानों का काल, F/A-XX करेगा सबकी छुट्टी!


चीन और रूस से बढ़ते हवाई खतरे के बीच अमेरिका अपनी हवाई ताकत में जोरदार तरीके से इजाफा करने जा रहा है। चौथी पीढ़ी का एफ-18, एफ-35 और एफ-22 जैसे पांचवीं पीढ़ी के स्‍टील्‍थ लड़ाकू विमान बनाने वाला अमेरिका अब छठवीं पीढ़ी के अत्‍याधुनिक F-47 फाइटर जेट पर काम कर रहा है। वहीं अब उसने एक और फाइटर जेट पर काम तेज कर दिया है। इस फाइटर जेट को अभी नाम नहीं दिया गया है लेकिन इसे F/A-XX के नाम से बुलाया जा रहा है। इस जेट को अमेरिकी नौसेना के परमाणु एयरक्राफ्ट कैरियर के लिए बनाया जा रहा है जो अब चीनी हाइपरसोनिक मिसाइलों से बड़ा खतरा महसूस कर रहे हैं। इस फाइटर जेट के जरिए अमेरिका अपने दैत्‍याकार परमाणु एयरक्राफ्ट कैरियर की प्रासंगिकता को बनाए रखना चाहता है।
अमेरिका का F/A-XX प्रोग्राम लंबे समय से लटका हुआ है। उधर, चीन बहुत तेजी से प्रशांत महासागर में अपनी ताकत को बढ़ा रहा है। इस महीने अमेरिका की सीनेट कमिटी ने नौसेना के F/A-XX नेक्‍स्‍ट जनरेशन कैर‍ियर फाइटर जेट प्रोग्राम शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इससे अब F/A-XX फाइटर जेट को बनाने के लिए शोध का रास्‍ता साफ हो सकता है। अमेरिकी नौसेना अपने F/A-18E/F सुपर हार्नेट की जगह पर इस नए फाइटर जेट को शामिल करना चाहती है। इस नए फाइटर जेट के जरिए अमेरिका चीन और रूस के एयर डिफेंस के खिलाफ अपनी बादशाहत को बनाए रखना चाहता है।
अमेरिका के सांसदों को डर सता रहा है कि अगर F/A-XX फाइटर जेट प्रोग्राम में देरी होती है तो अमेरिकी सुपर एयरक्राफ्ट कैरियर की प्रासंगिकता ही खत्‍म हो जाएगी। अमेरिकी एक्‍सपर्ट का कहना है कि F/A-XX विमान अपनी रेंज, दुश्‍मन के हमले से बचने और एआई से लैस ऑपरेशन करने के मामले में सभी वर्तमान अमेरिकी फाइटर जेट को पीछे छोड़ देगा। अमेरिकी नौसेना के अधिकारियों का कहना है कि F/A-XX वर्तमान समय पर एयरक्राफ्ट कैरियर पर तैनात फाइटर जेट से रेंज में 125 फीसदी ज्‍यादा होगा। इससे वह प्रशांत महासागर में आसानी से हमला कर पाएगा।