Wednesday , February 11 2026 1:29 PM
Home / News / ईरान ने इस्फहान न्यूक्लियर साइट को सील करना शुरू किया, सैटेलाइट तस्वीरों से खुलासा, अमेरिकी हमले का डर बढ़ा?

ईरान ने इस्फहान न्यूक्लियर साइट को सील करना शुरू किया, सैटेलाइट तस्वीरों से खुलासा, अमेरिकी हमले का डर बढ़ा?


ईरान ने अपने इस्फहान न्यूक्लियर साइट की सुरंगों को कंक्रीट और मिट्टी से भरना शुरू कर दिया है। सैटेलाइट तस्वीरों से इसका खुलासा हुआ है। सोमवार को ईरान के ऊपर ली गई हाई-रिजॉल्यूशन सैटेलाइट तस्वीरों से पता चल रहा है कि ईरान, इस्फहान न्यूक्लियर साइट पर अजीब तरह की किलाबंदी कर रहा है। ऐसा लग रहा है कि सुरंगों को कंक्रीट और मिट्टी से बंद किया जा रहा है। इस्फहान, ईरान के सबसे मुख्य संवेदनशील परमाणु साइट में से एक है। यहां पर भारी सुरक्षा व्यवस्था रहती है और पिछले साल जून में हुई लड़ाई के दौरान इजरायल ने यहां बार बार हमले किए थे। अमेरिका ने भी अपने B-2 बॉम्बर जेट से यहां बंकर बस्टर बम गिराए थे।
तस्वीरों से पता चल रहा है कि इस्फहान न्यूक्लियर साइट पर टनल के तीन मेन एंट्रेंस मिट्टी से ढक दिए गये हैं। जिससे उन्हें पहचानना मुश्किल हो गया है और दरवाजों को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया गया है। पहली तस्वीर में इस्फहान में अंडरग्राउंड कॉम्प्लेक्स की ओर जाने वाली टनल के तीन एंट्री गेट मिट्टी से भरे हुए देखे जा सकते हैं। माना जा रहा है कि ईरान इस कोशिश में है कि अगर अमेरिका और इजरायली सैनिक यहां पहुंचे तो वो इस न्यूक्लियर साइट के अंदर दाखिल ना हो पाएं। इसके अलावा अगर बमबारी भी होती है तो नुकसान कम से कम हो।
इस्फहान न्यूक्लियर साइट को कैसे बचा रहा ईरान? – इंस्टीट्यूट फॉर साइंस एंड इंटरनेशनल सिक्योरिटी की वेबसाइट पर सैटेलाइट तस्वीरें जारी की गई हैं। इन तस्वीरों से पता चलता है कि दक्षिणी एंट्री गेट और साइट के बीच वाले सुरंग को बंद कर दिया गया है। अब उन्हें पहचाना नहीं जा सकता है। उत्तरी टनल एंट्रेंस, जहां तैयारी के और उपाय किए गए थे, उसे भी मिट्टी से भर दिया गया है। इंस्टीट्यूट ने बताया कि एंट्रेंस वाले एरिया में कोई गाड़ी की एक्टिविटी नहीं दिख रही है। इंस्टीट्यूट के रिसर्चर्स ने कहा है कि ऐसा लग रहा है कि ईरान जानता है कि अमेरिका और इजरायल का हमला होना तय है। वो अपने न्यूक्लियर फैसिलिटी को बचाने की कोशिश कर रहा है।