Monday , March 9 2026 8:39 PM
Home / Sports / गौतम गंभीर ने ट्रॉफी राहुल द्रविड़ और इस पूर्व खिलाड़ी को समर्पित की, बोले- आपने जो किया उसके लिए शुक्रिया

गौतम गंभीर ने ट्रॉफी राहुल द्रविड़ और इस पूर्व खिलाड़ी को समर्पित की, बोले- आपने जो किया उसके लिए शुक्रिया


भारतीय क्रिकेट टीम ने जो बीते रविवार (8 मार्च) की रात किया, उसे सुनहरे अक्षरों से इतिहास के पन्नों में लिखा जाएगा। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में बच्चों की तरह 96 रन से हरा दिया और रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीत लिया। आज तक कोई टीम यह कारनामा नहीं कर पाई।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत की इस जीत को हमेशा याद रखा जाएगा। वहीं वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इस ट्रॉफी को पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ और दिग्गज वीवीएस लक्ष्मण को डेडिकेट किया है।
गौतम गंभीर ने द्रविड़ और लक्ष्मण को लेकर क्या कहा? – गौतम गंभीर ने कहा, ‘मेरे को यह ट्रॉफी डेडिकेट करनी चाहिए सबसे पहले राहुल भाई को फिर लक्ष्मण भाई को। क्योंकि राहुल भाई ने अपने कार्यकाल के दौरान भारतीय क्रिकेट को अच्छी शेप में रखने के लिए जो किया है, मैं उसके लिए उन्हें शुक्रिया करता हूं।’
गंभीर ने वीवीएस लक्ष्मण के लिए कहा, ‘वीवीएस लक्ष्मण को भी धन्यवाद करना चाहता हूं जो पीछे से (Behind the doors) भारतीय क्रिकेट के लिए काफी कुछ कर रहे हैं। सीओई ही भारतीय क्रिकेट की पाइपलाइन है।’ बता दें कि वीवीएस लक्ष्मण बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हेड ऑफ क्रिकेट हैं।
अजीत अगरकर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह को लेकर भी बोले जीजी – बीसीसीआई के चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह को लेकर भी गंभीर ने बड़ा बयान दिया है। गंभीर ने कहा, ‘तीसरे नंबर पर निश्चित रूप से अजीत अगरकर हैं,क्योंकि उन्होंने काफी आलोचना का सामना किया है। लेकिन जिस तरह इमानदारी से उन्होंने काम किया है, वो शानदार है।’
जय शाह को लेकर गंभीर ने कहा, ‘मुझे जय भाई का भी शुक्रिया करना है, क्योंकि काफी ज्यादा लोगों ने मुझे कॉल नहीं किया जब मैं अपने कार्यकाल के दौरान खराब समय से गुजर रहा था। चाहे वो न्यूजीलैंड के खिलाफ या साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली हार हो, जिन्होंने मुझे कॉल किया वो जय भाई थे। मुझे उनका शुक्रिया करता हूं कि उन्होंने मुझपर इस जॉब के लिए भरोसा किया।’