
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को उन पत्रकारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की धमकी दी, जिन्होंने F-15 फाइटर जेट के एयरमैन के ईरान में लापता होने के बारे में रिपोर्ट दी थी। अमेरिकी सेना ने ईरान में गिराए गए F-15 जेट के एयरमैन को दो दिन बाद रविवार को सुरक्षित निकाल लिया था। एयरमैन को बचाने के लिए अमेरिकी सेना ने एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया था। इस बचाव दल को भारी गोलीबारी का सामना करना पड़ा था।
इस मामले की रिपोर्टिंग किए जाने से ट्रंप नाराज हैं। उन्होंने दावा किया कि दूसरा F-15 एयरमैन घंटों से लापता था और ईरान को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि एक मुखबिर ने जानकारी लीक कर दी और ईरान को पता चल गया। ट्रंप ने इस जानकारी को लीक करने वाले का पता लगाने का वादा किया और मीडिया को धमकी दी।
एयरमैन के लापता होने की रिपोर्ट पर भड़के ट्रंप – सोमवार को वॉइट हाउस में ट्रंप ने कहा कि एक मीडिया रिपोर्ट में यह खुलासा किया गया था कि अमेरिकी सेना ने F-15 के एक क्रू मेंबर को बचा लिया है, लेकिन दूसरे की तलाश अभी भी जारी है। इस रिपोर्ट ने ईरान को अलर्ट करके बचाव अभियान को और भी मुश्किल बना दिया।
हम उस जानकारी लीक करने वाले को ढूढ़ने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने असल में यह बता दिया कि हमारे पास एक व्यक्ति है, जबकि दूसरा लापता है। ईरान को तब तक पता ही नहीं था कि कोई लापता भी है, जब तक कि उस मुखबिर ने यह जानकारी नहीं दे दी। डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति
ट्रंप ने दावा किया कि इस खुलासे ने अमेरिकी सेना को एक बहुत ही मुश्किल स्थिति में डाल दिया। उन्होंने कहा, “यह अभियान और भी मुश्किल हो गया, क्योंकि एक मुखबिर ने यह जानकारी लीक कर दी कि हमारे पास एक व्यक्ति है, हमने एक को बचा लिया है, लेकिन दूसरे अभी भी बाहर है, जिसे हम बचाने की कोशिश कर रहे हैं।”
पत्रकार को जेल भेजने की धमकी – ट्रंप ने रिपोर्ट करने वाले पत्रकार या मीडिया संस्थान का नाम नहीं लिया, लेकिन कहा कि अधिकारियों को पूरा भरोसा है कि वे लीक के स्रोत की पहचान कर लेंगे। उन्होंने कहा, “हम उस मीडिया कंपनी के पास जाएंगे, जिसने यह जानकारी जारी की है, और हम उनसे कहेंगे, यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है, इसलिए सूत्र का नाम बताओ, या जेल जाओ।”
प्रेस की आजादी के लिए खतरा – ट्रंप की टिप्पणी को आलोचकों ने प्रेस की स्वतंत्रता के लिए खतरा बताया है। फ्रीडम ऑफ द प्रेस फाउंडेशन के सेठ स्टर्न ने लीक जानकारी को प्रकाशित करने के अधिकार का बचाव किया और अमेरिकी संविधान के पहले संशोधन का हवाला दिया। उन्होंने कहा, “पत्रकार सरकार के लिए काम नहीं करते हैं। सरकार से लीक हुई जानकारी को प्रकाशित करने का उनका अधिकार ‘पहले संशोधन’ से सुरक्षित है। अपने रहस्यों को सुरक्षित करना सरकार का काम है, पत्रकारों का नहीं।”
Home / News / ‘ईरान को घंटों पता नहीं था, मुखबिर ने लीक कर दिया’, लापता एयरमैन पर रिपोर्ट से भड़के ट्रंप, मीडिया को धमकी
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website