
अमेरिका और ईरान में सीजफायर हुए 24 घंटे से ज्यादा का वक्त बीत चुका है। इसके बावजूद तीन जहाजों को छोड़कर किसी दूसरे जहाज ने होर्मुज जलडमरूमध्य को पार नहीं किया है। इसमें से भी दो जहाज ईरानी झंडे वाले थे। इस बीच करीब 3200 जहाज अब भी फारस की खाड़ी में फंसे हुए हैं और होर्मुज जलडमरूमध्य के खुलने का इंतजार कर रहे हैं। इनमें करीब 800 टैंकर शामिल हैं, जिनमें अधिकतर कच्चे तेल से भरे हुए हैं।
होर्मुज में फंसे 3200 जहाज – Fox News की रिपोर्ट के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य के पास लगभग 3,200 जहाजों का जमावड़ा लग गया है, जिनमें 800 टैंकर और मालवाहक जहाज़ शामिल हैं। ये सभी सुरक्षित मार्ग का इंतजार कर रहे हैं। इन जहाजों पर करीब 20000 नाविक सवार हैं, जो होर्मुज से सुरक्षित गुजरने के लिए ईरान की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, ईरान ने अभी तक होर्मुज नहीं खोला है। इससे पूरी दुनिया में ऊर्जा संकट बना हुआ है।
ईरान ने अमेरिका के सामने दो शर्तें रखी – 7 अप्रैल को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ दो सप्ताह के आपसी संघर्ष-विराम की घोषणा की। उनके अनुसार, दोनों पक्षों ने लगभग सभी विवादित मुद्दों को सुलझा लिया है। अमेरिका और ईरान ने पाकिस्तान में इस्लामाबाद शांति वार्ता में हिस्सा लेने की मंजूरी भी दी थी। हालांकि, अब ईरान ने इस वार्ता में शामिल होने के लिए अमेरिका के सामने दो नई शर्तें रखी हैं। इनमें ईरान की जब्त संपत्तियों से पाबंदी हटाने और लेबनान में संघर्ष विराम लागू करना शामिल है।
ट्रंप ने होर्मुज को लेकर ईरान को चेताया – अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते तेल की शिपमेंट को सीमित करके संघर्ष-विराम (सीजफायर) की सहमति का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही, राष्ट्रपति ट्रंप ने तेहरान को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले टैंकरों से शुल्क वसूलने के खिलाफ चेतावनी दी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पोस्ट किया, ईरान होर्मुज स्ट्रेट से तेल टैंकरों के गुजरने की अनुमति देने में बहुत खराब काम कर रहा है। कुछ लोग इसे बेईमानी भी कह सकते हैं। हमारा समझौता ऐसा बिल्कुल नहीं था।
Home / News / फारस की खाड़ी में अब भी फंसे 3200 जहाज, होर्मुज खुलने का इंतजार, ईरान नहीं दे रहा इजाजत
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website