
उत्तर प्रदेश के वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने महिला आरक्षण बिल का लोकसभा में विरोध किए जाने के मसले पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत तमाम विपक्षी दलों को घेरा। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल विपक्ष के विरोध के कारण गिर गया था। इस कारण महिलाओं को 2029 के लोकसभा चुनाव से 33 फीसदी आरक्षण देने का मसला फिलहाल लटकता दिख रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए उनके आक्रोश का सामना करने के लिए तैयार रहने की बात कही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में भारी वोटिंग और उसमें महिलाओं की भागीदारी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं घरों से निकलकर आ रही हैं और अपने आक्रोश का प्रदर्शन अपने वोट के जरिए कर रही हैं। चुनाव परिणाम में यह विपक्षी दलों को दिखेगा। साथ ही, उन्होंने केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और असम विधानसभा चुनाव में भी महिलाओं के आक्रोश को वोटों के जरिए दिखने की बात कही।
बंगाल में वोटिंग से पहले बड़ा संदेश – पश्चिम बंगाल में अंतिम चरण की वोटिंग बुधवार 29 अप्रैल को होने वाली है। ऐसे में वाराणसी की धरती से पीएम नरेंद्र मोदी बंगाल चुनाव के मैदान में बड़ा संदेश देते दिखाई दिए। उन्होंने सीधे तौर पर महिलाओं के आक्रोश को वोटो के जरिए भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में पड़ने की बात कही। साथ ही, महिलाओं के विकास और उत्थान को लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक किए गए कार्यों का भी जिक्र किया।
विपक्षी दलों पर बोला हमला – पीएम नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों पर महिला आरक्षण के मुद्दे पर जोरदार हमला बोला। प्रधानमंत्री ने कहा कि नई संसद बनी तो पहला काम हमने बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ही किया। 40 वर्षों से बहनों का यह अधिकार लटका हुआ था। इसलिए, वर्ष 2023 में संसद में नारी शक्ति अधिनियम पारित करवाया। पीएम ने कहा कि कानून बनने के बाद उसका लागू होना आवश्यक होता है, इसलिए पिछले दिनों संसद में इसको लेकर चर्चा की गई।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website