Tuesday , May 12 2026 11:49 PM
Home / News / ‘अमेरिका और इजरायल में दुश्‍मनी कराना चाहता था पाकिस्‍तान’, बरसे इजरायली PM, भारत के हुए फैन

‘अमेरिका और इजरायल में दुश्‍मनी कराना चाहता था पाकिस्‍तान’, बरसे इजरायली PM, भारत के हुए फैन


इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की है। नेतन्याहू ने कहा है कि पाकिस्तान सोशल मीडिया में झूठी बातें फैलाकर इजरायल को बदनाम कर रहा है। नेतन्याहू ने पाकिस्तान को घेरा है तो भारत की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि भारत में इजरायलियों को बहुत सम्मान मिलता है। वह अपनी पत्नी के साथ भारत यात्रा पर गए तो उनके लिए यह किसी उत्सव की तरह था।
सीबीएस के ’60 मिनट्स’ कार्यक्रम में दिए इंटरव्यू में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि पाकिस्तान वह बॉट फार्म और फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए छद्म अभियान चला रहा है। इसका मकसद अमेरिका-इजरायल संबंधों को कमजोर करना है। नेतन्याहू ने इसे अपने देश के खिलाफ एक छिपा हुआ डिजिटल युद्ध क्षेत्र बताया है।
पाकिस्तान-इजरायल संबंध – नेतन्याहू ने कहा कि कई देशों ने नकली अकाउंट का इस्तेमाल करके सोशल मीडिया में हेरफेर किया है। पाकिस्तान जैसे ये देश अमेरिका की इजरायल के प्रति सहानुभूति कम कर रहे हैं। हाल के दिनों में इंटरनेट पर इजरायल विरोधी मैसेज लगातार फैले हैं। इन संदेशों के बारे में जब पता किया जाता है तो इनकी शुरुआत पाकिस्तान से होने की बात सामने आती है।
पाकिस्तान के इजरायल के साथ कूटनीतिक संबंध नहीं हैं और दोनों देशों में तनातनी देखी जाती है। पाकिस्तान ने गाजा और ईरान में इजरायल के हमलों की कड़ी आलोचना की है। दूसरी ओर इजरायल ने बार-बार पाकिस्तान की सैन्य ताकत से खतरा जताया है। पाकिस्तान के परमाणु हथियारों को लेकर इजरायली नेता अपना अंदेशा कई बार जाहिर कर चुके हैं।
कुछ जगहें ऐसी हैं, जहां इजरायल का आज भी सम्मान किया जाता है। भारत की आबादी 1.4 अरब है और वहां इज़रायल बहुत लोकप्रिय है। मैं अपनी पत्नी के साथ भारत गया था। हमने भी पीएम नरेंद्र मोदी का यहां खुले दिल से स्वागत किया। बेंजामिन नेतन्याहू
नेतन्याहू ने की भारत की तारीफ – बेंजामिन नेतन्याहू ने इस इंटरव्यू में भारत की जमकर तारीफ की और भारत-इजरायल संबंधों को खास बताया। उन्होंने कहा कि पत्नी के साथ भारत का दौरे उनके लिए एक ‘प्यार का उत्सव’ जैसा था। उन्होंने कहा कि भारत में इजरायल बहुत लोकप्रिय है और वहां इजरायलियों को बेहद सम्मान मिलता है। प्रधानमंत्री मोदी यहां आए तो हमने भी बड़े स्नेह के साथ उनका स्वागत किया।
ईरान के साथ लड़ाई पर बात करते हुए इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया कि अगर इजराइल और अमेरिका ने 28 फरवरी को हमले नहीं किए होते तो ईरान एक-दो महीने में परमाणु बम बना सकता था। उन्होंने कहा कि ईरान लंबे समय से परमाणु हथियार और लंबी दूरी की मिसाइलें विकसित करने की कोशिश कर रहा है।
मोजतबा खामेनेई जिंदा हैं: नेतन्याहू – बेंजामिन नेतन्याहू ने इस दौरान यह भी माना कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई जिंदा हैं और किसी बंकर या गुप्त जगह से सत्ता संभालने की कोशिश कर रहे हैं। नेतन्याहू ने दावा किया कि मोजतबा शासन पर कंट्रोल चाहते हैं लेकिन उनकी सत्ता पर पकड़ अपने पिता अली खामेनेई जैसी मजबूत नहीं है।
नेतन्याहू ने कहा कि ईरान इस समय 1979 की इस्लामिक क्रांति के बाद सबसे कमजोर दौर में है। शासन के भीतर दरारें बढ़ रही हैं और अलग-अलग गुटों में मतभेद सामने आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इजराइल और अमेरिका की कार्रवाई के बाद ईरान में विरोध प्रदर्शन बढ़े और लोगों ने शासन के खिलाफ आवाज उठाई है।