Thursday , May 28 2026 6:21 PM
Home / Sports / 15 पारियों में 17 का औसत, बड़े मैचों में अभिषेक शर्मा की बत्ती गुल, रिकॉर्ड बेहद शर्मनाक

15 पारियों में 17 का औसत, बड़े मैचों में अभिषेक शर्मा की बत्ती गुल, रिकॉर्ड बेहद शर्मनाक


आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में अभिषेक शर्मा का खाता भी नहीं खुला। अपनी दूसरी ही गेंद पर वह जोफ्रा आर्चर का शिकार हो गए। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 244 रनों का लक्ष्य दिया था। टीम को अभिषेक से अच्छी शुरुआत की उम्मीद थी लेकिन दूसरी ही गेंद पर उनकी पारी का अंत हो गया।
नॉकआउट मैचों में बुरी तरह फेल अभिषेक – अभिषेक शर्मा टी20 रैंकिंग में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज हैं। ओवरऑल टी20 में अभिषेक का स्ट्राइक रेट 176 और औसत 33 का है। वह 9 शतक के अलावा 36 फिफ्टी लगा चुके हैं। लेकिन नॉकआउट मुकाबलों की बात आती है तो अभिषेक का रिकॉर्ड काफी फिसड्डी है। टी20 क्रिकेट में उन्होंने अभी तक नॉकआउट मुकाबलों में 15 बार बैटिंग की। इसमें उनके बल्ले से सिर्फ 241 रन निकले हैं। इस दौरान अभिषेक का औसत 17.21 और स्ट्राइक रेट 136 का है।
अभिषेक शर्मा 10 बार दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंचे – टी20 टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों में अभिषेक शर्मा 10 बार 9 या उससे कम का स्कोर बनाकर आउट हुए। राजस्थान के खिलाफ मैच से पहले 2023 के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में वह गोल्डन डक हुए थे। एशिया कप 2025 के फाइनल में अभिषेक ने 5 रन बनाए थे तो आईपीएल 2024 के दौरान उन्होंने प्लेऑफ में फाइनल समेत तीन पारियां खेली थी। इसमें उन्होंने कुल 17 रन बनाए थे।
टी20 विश्व कप के फाइनल में फिफ्टी – 15 पारियों में 3 बार ऐसा हुआ है जब अभिषेक ने 50 का आंकड़ा नॉकआउट मैच में पार किया है। इसमें एक टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल था। टूर्नामेंट में फेल हो रहे अभिषेक ने 21 गेंदों पर 52 रन ठोके थे। इसके अलावा 2022 के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के प्री क्वार्टर फाइनल में हरियाणा के खिलाफ उन्होंने 48 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाए थे। 2023 में इसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में दिल्ली के खिलाफ 45 गेंदों पर 77 रन ठोककर उन्होंने पंजाब को जीत दिलाई थी।