Wednesday , June 24 2026 1:54 PM
Home / News / अमेरिकी सेना ने ईरान जा रहे जहाज पर किया हमला, इंजन रूम में दागी हेलफायर मिसाइल, होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ा तनाव

अमेरिकी सेना ने ईरान जा रहे जहाज पर किया हमला, इंजन रूम में दागी हेलफायर मिसाइल, होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ा तनाव


अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक जहाज पर मिसाइल से हमला किया। यह जहाज अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी को तोड़कर ईरान के किसी बंदरगाह पर जाने की कोशिश कर रहा था। मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य अभियानों की जिम्मेदारी संभालने वाली अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि इंजन रूम में मिसाइल दागकर जहाज को निष्क्रिय कर दिया गया है। अमेरिकी नेवी ने ईरान जाने वाले किसी भी जहाज पर रोक लगा रखी है।
हेलफायर मिसाइल से हमला – सेंट्रल कमांड ने एक बयान में बताया कि यह हमला 29 मई को किया गया था। हमला समय किया गया जब गाम्बिया के झंडे वाले मालवाहक जहाज M/V लियान स्टार ने 20 से ज्यादा चेतावनियों का जवाब नहीं दिया। बयान में कहा गया कि आदेशों का पालन किए जाने के बाद एक अमेरिकी विमान ने जहाज के इंजन रूम में हेलफायर मिसाइल दागकर उसे निष्क्रिय कर दिया। अब यह जहाज ईरान की ओर आगे नहीं बढ़ रहा है।
बयान में यह नहीं बताया गया कि हमले के बाद लियान स्टार पर कोई घायल हुआ है या नहीं। वहीं, ईरान की तरफ से अभी तक इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं है। सेंट्रल कमांड ने बताया कि अमेरिकी सेनाओं ने 5 कमर्शियल जहाजों को रोका है और 116 जहाजों का रास्ता बदल दिया है, ताकि नाकेबंदी को पूरी तरह से लागू किया जा सके, क्योंकि ईरान के साथ सीजफायर अभी भी लागू है।
ईरानी बंदरगाहों पर नाकेबंदी लागू – अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की पूरी तरह से नाकेबंदी कर रखी है। यह कदम ईरान के होर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाले सभी यातायात को रोके जाने के जवाब में उठाया गया है। होर्मुज जलडमरूमध्य तेल और गैस के लिए अहम जलमार्ग है, जिससे दुनिया का 20 फीसदी ऊर्जा निर्यात गुजरता है। अमेरिका ने 17 अप्रैल को नाकेबंदी शुरू की थी।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को सलाहकारों से मुलाकात की, लेकिन उन्होंने अभी तक युद्धविराम की अवधि बढ़ाने और जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के समझौते पर आगे बढ़ने का फैसला नहीं किया है। वहीं, ईरान ने कहा है कि समझौता को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है।