Sunday , June 21 2026 12:41 AM
Home / News / पीएम मोदी की इन 4 बातों ने जीता डोनाल्ड ट्रंप का दिल, यूं ही नहीं लिया दुनिया के 2 महान नेताओं में नाम

पीएम मोदी की इन 4 बातों ने जीता डोनाल्ड ट्रंप का दिल, यूं ही नहीं लिया दुनिया के 2 महान नेताओं में नाम


भारत के खिलाफ एक के बाद एक कई फैसले लेने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान पीएम मोदी को दुनिया के दो सबसे महान नेताओं में रखा है और उनकी चार खूबियां गिनाई हैं जो उन्हें दूसरों से अलग बनाती हैं। 1- भारत को युद्धों से दूर रखना, देश का आर्थिक प्रदर्शन, उनके कार्यकाल में राजनीतिक स्थिरता और 4- शांति और सख्ती का मिला जुला अंदाज।
ट्रंप ने ये चार बातें उस वक्त कहीं जब एक इंटरव्यू के दौरान उनसे दुनिया के दो सबसे महान नेताओं का नाम बताने के लिए कहा गया था जिसमें उन्होंने एक नाम चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का और दूसरा नाम नरेन्द्र मोदी का लिया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस दौरान पीएम मोदी की खास तौर पर तारीफ की। ट्रंप ने कहा ‘मोदी बहुत अच्छे हैं। भारत के आंकड़े बहुत अच्छे रहे हैं। मोदी युद्धों से दूर रहते हैं जो समझदारी है।’
1- ‘मोदी युद्धों से दूर रहते हैं’ – डोनाल्ड ट्रंप की पहली बात दुनिया भर में चल रहे संघर्षों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के नजरिए के बारे में थी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का सैन्य संघर्षों से बचने का कौशल रणनीतिक समझदारी का संकेत है। ट्रंप ने कहा ‘मोदी युद्धों से दूर रहते हैं जो कि समझदारी है।’ इससे पता चलता है कि वह संयम और स्थिरता को नेतृत्व के अहम गुण मानते हैं।
2- भारत के मजबूत आर्थिक आंकड़े – ट्रंप ने भारत के आर्थिक प्रदर्शन का भी ज़िक्र किया और कहा कि पीएम मोदी की लीडरशिप में देश ने जबरदस्त आर्थिक विकास और नतीजे हासिल किए हैं। उन्होंने कहा ‘भारत के आंकड़े बहुत अच्छे रहे हैं।’ उनका इशारा साफ तौर पर पिछले दशक में देश के आर्थिक विस्तार और विकास की ओर था। हालांकि ये वही डोनाल्ड ट्रंप हैं जिन्होंने कुछ महीने पहले भारत की इकोनॉमी को ‘डेड इकोनॉमी’ बताया था।
3- एक दशक से ज्यादा समय से राजनीतिक स्थिरता – अमेरिकी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी के लंबे कार्यकाल की तुलना भारत में पहले के दौर से की जब अक्सर राजनीतिक बदलाव होते रहते थे। ट्रंप ने कहा ‘मैंने ज़िंदगी भर भारत को देखा है। वहां बस बदलाव ही होते रहते थे। कोई छह महीने के लिए आता फिर एक साल के लिए और फिर अचानक पीएम मोदी वहां आ जाते हैं।’
4- ‘शांति और सख्ती एक साथ’ – डोनाल्ड ट्रंप ने सबसे ज्यादा तारीफ प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व को लेकर की। उनके नेतृत्व करने की क्षमता की तारीफ की। ट्रंप ने कहा ‘वे इसे बहुत शांति के साथ करते हैं फिर भी वे शांत स्वभाव के व्यक्ति नहीं हैं।’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को ‘बहुत सख्त व्यक्ति’ बताया और कहा ‘मैं उन्हें बहुत अच्छी तरह जानता हूं।’ आपको बता दें कि पिछले हफ्ते ही फ्रांस में जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात हुई थी जिसको लेकर माना जा रहा है कि शायद ट्रंप प्रशासन भारत से रिश्ते में जो खटास आई है उसे सही करने की कोशिश कर रहा है। अब उन्होंने एक अमेरिकी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में पीएम मोदी को लेकर ये सब बातें कही हैं। फ्रांस में ट्रंप ने कहा कि अगर पीएम मोदी के प्रधानमंत्री रहते हुए भारत पर हमला होता है तो उसे अमेरिका का समर्थन मिलेगा।