
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को राष्ट्रपति के लिए तैयार किए नए एयर फोर्स वन को दुनिया के सामने पेश किया है। कतर ने पिछले साल ट्रंप का यह विमान गिफ्ट किया था, जिसे अब अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक विमान में बदल दिया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति के विमान को ‘एयर फोर्स वन’ कहा जाता है। ट्रंप ने इसे ‘दुनिया का सबसे लग्जरी विमान’ बताया और कहा कि वह अगले महीने तुर्की के अंकारा में होने वाले NATO शिखर सम्मेलन में इसी नए विमान से जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस हफ्ते फ्रांस में हुए G-7 शिखर सम्मेलन से उनकी वापसी पुराने एयर फोर्स वन से की आखिरी नियोजित विदेश यात्रा थी। जॉइंट बेस एंड्रयूज में ट्रंप ने इस नए विमान के आकार, लग्जरी और नए पेंट की तारीफ की। एयर फोर्स के अधिकारियों के साथ खड़े होकर ट्रंप ने कहा कि इस विमान की सबसे खास बात इसका आकार है। ट्रंप ने कहा कि सबसे बड़ा फर्क इसके आकार का है। यह लगभग दोगुने साइज का है।
इस विमान को एक उड़ते हुए वॉइट हाउस में बदल दिया गया है, जिसमें ऐसी लग्जरी है जो पहले कभी किसी ने नहीं देखी। डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति
अमेरिकी राष्ट्रपति कुछ समय ही करेंगे इस्तेमाल – कतर सरकार से मिले इस बोइंग 787-8i विमान को एयरफोर्स वन के तौर पर कुछ समय तक इस्तेमाल किए जाने की उम्मीद है। ऐसा तब तक होगा, जब तक बोइंग दो VC-25B विमानों को तैयार नहीं कर देता। इनके 2028 तक मिलने की उम्मीद है। ट्रंप प्रशासन ने पिछले साल राष्ट्रपति से इस्तेमाल के लिए कतर से लग्जरी बोइंग विमान को औपचारिक रूप से स्वीकार किया था। उस दौरान विदेशी सरकार से इतना महंगा तोहफा लेने पर सवाल उठे थे।
जेट के अंदर है पूरी लग्जरी सुविधा – बाद में पत्रकारों को विमान के अंदर ले जाया गया, जिसमें लकड़ी की पैनलिंग वाला इंटीरियर, गोल्डेन फिटिंग और टैन-गोल्ड रंग की सीटें थीं। इसमें बड़े केबिन, बड़ी टीवी स्क्रीन और पॉलिश की हुई मैटेलिक फिनिश से शानदार लुक दिया गया है। विमान के अगले हिस्से के पास लाउंज-स्टाइल की सीटिंग वाला एक प्राइवेट सुइट है। इसके बाद एक कॉन्फ्रेंस रूम हैं, जिसमें एक बड़ी टेबल और रिफ्लेक्टिंग पूल के नजारे वाली वॉशिंगटन मॉन्यूमेंट की पेंटिंग और टीवी स्क्रीन के चारों तरफ सजावटी बुककेस था।
विमान में प्रेस के लिए केबिन है, जो जेट के पिछले की पूरी चौड़ाई में फैला है। इसमें 3 सेक्शन में 24 सीटें हैं। हर सीट पर अपनी एंटरटेनमेंट स्क्रीन लगी है। यह मौजूदा एयर फोर्स वन फ्लीट के प्रेस एरिया की तुलना में काफी बड़ा है। अमेरिकी एयर फोर्स ने कहा है कि विमान जल्द ही कमीशनिंग फ्लाइट्स शुरू करेगा जो ऑपरेशनल सर्विस में आने से पहले टेस्टिंग का आखिरी चरण है।
Home / News / ‘उड़ता वॉइट हाउस’, ट्रंप ने दुनिया के सामने पेश किया नया ‘एयर फोर्स वन’, कतर ने गिफ्ट दिया है लग्जरी जेट
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website