
बेंगलुरु के स्केलीन एनर्जी रिसर्च इंस्टीट्यूट के निदेशक और मुख्य रिसर्चर राजा विजय कुमार ने खास तकनीक का पेटेंट हासिल किया है, जिसकी मदद से पारे को सोने में बदला जा सकता है। इस तकनीक की टेस्टिंग एक स्वतंत्र लैब से कराई गई है, जिसमें पारे से सोना बनाए जाने के दावे किए गए हैं।
क्या होगा अगर ऐसी तकनीक ढूंढ ली जाए जिससे लोहे को भी सोने में बदला जा सके? दरअसल सुनने में भले ही यह जादू जैसा लगे, लेकिन बेंगलुरु के भारतीय रिसर्चर ने इसी तरह के दावे किए हैं। उन्होने एक ऐसी तकनीक का पेटेंट कराया है, जो बिना किसी परमाणु रिएक्टर या रेडियोएक्टिव प्रक्रिया के किसी भी तत्व का रूप बदल सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक टेस्टिंग में पारे से सोना, चांदी और अन्य तरह के धातु बनाने के परिणाम भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि इस तकनीक को तैयार करने में 8 सालों की लंबी मेहनत लगी है।
क्या है पारे को सोने में बदलने वाली तकनीक? -बेंगलुरु के स्केलीन एनर्जी रिसर्च इंस्टीट्यूट के निदेशक और मुख्य रिसर्चर राजा विजय कुमार ने ग्रेविटोरेडियोफिजिकल न्यूक्लियर ट्रांसम्यूटेशन या GNT नाम से एक तकनीक का पेटेंट हासिल किया है।
इस तकनीक के लिए उन्होंने 2017 में आवेदन किया था और करीब 8 साल बाद साल 2025 की दूसरी छमाही में उन्हें यह पेटेंट हासिल हुआ।
इस तकनीक में न तो परमाणु को तोड़ा जाता है और न ही मिलाया जाता है बल्कि यह तकनीक खास प्रीक्वेंसी पर काम करती है।
पारे से सोना तैयार करने का दावा – रिपोर्ट्स के अनुसार इस तकनीक की मदद से पारे को सोने में बदलने का दावा किया गया है। दरअसल, हर परमाणु के केंद्र में प्रोटॉन की संख्या अलग-अलग होती है, जो कि उस तत्व की पहचान तय करती है।
सोने में 79 प्रोटॉन होते हैं, जबकि पारे में 80 प्रोटॉन होते हैं। पारे को सोने में बदलने के लिए उसके केंद्र से सिर्फ एक प्रोटॉन और एक इलेक्ट्रॉन हटाना जरूरी था। ऐसा किसी सामान्य रासायनिक प्रोसेस से कर पाना संभव नहीं है।
कुमार की तकनीक में एक विशेष बूम ट्यूब रिएक्टर का इस्तेमाल किया गया है। इसमें लगी एल्युमीनियम एलॉय की एंटीना हाई-फ्रीक्वेंसी तरंगें छोड़ती हैं और तत्व के इलेक्ट्रॉन और प्रोटॉन में बदलाव कर सकती है।
टेस्टिंग में क्या मिला? – रिपोर्ट्स के अनुसार मर्क्यूरिक सल्फेट और डिस्टिल्ड वॉटर के घोल को इस रिएक्टर से गुजारा गया। नतीजों में पहले सैंपल में 1.91 मिलीग्राम प्रति लीटर और दूसरे में 2.3 मिलीग्राम प्रति लीटर सोना पाया गया। सैंपल की जांच एक मान्यता प्राप्त लैब से यह बताए बिना कराई गई थी कि कौन सा सैंपल प्रोसेस किया गया है और कौन सा नहीं।
इसके अलावा सैंपल में 11 मिलीग्राम प्रति लीटर चांदी, मैग्नीशियम, मैंगनीज, फास्फोरस और जिंक जैसे तत्व भी मिले। गौर करने वाली बात ये रही कि टेस्टिंग में पारे की मात्रा 33.45 ग्राम से घटकर 8.67 ग्राम रह गई।
आगे इस तकनीक का भविष्य क्या है? – रिपोर्ट्स के मुताबिक राजा विजय कुमार का मकसद सोना बनाना नहीं बल्कि ऊर्जा, चिकित्सा अंतरिक्ष और उद्योगों के लिए काम के तत्व तैयार करना है। हालांकि रिसर्चर्स का यह भी कहना है कि सैंपल में सोना मिलने से ऐसा नहीं है कि तकनीक तुरंत बड़े पैमाने पर इस्तेमाल के लिए तैयार है।
Home / Business & Tech / भारतीय रिसर्चर ने खोजी पारे से सोना बनाने की तकनीक, 8 साल की मेहनत बाद मिला पेटेंट, जानें कैसे करेगी काम
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website