Monday , June 29 2026 10:19 PM
Home / News / कराची में अटैक के बाद पाकिस्तानी आर्मी के अफगानिस्तान बॉर्डर पर भीषण हमले, 29 की मौत

कराची में अटैक के बाद पाकिस्तानी आर्मी के अफगानिस्तान बॉर्डर पर भीषण हमले, 29 की मौत


पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान सीमा पर बड़े पैमाने पर जमीनी ऑपरेशन और हवाई हमले करने का दावा किया है। पाकिस्तान ने कहा है कि उसकी आर्मी ने अफगानिस्तान बॉर्डर पर ‘देश विरोधी गुटों’ के ठिकानों और सुरक्षित पनाहगाहों पर हमले किए, जिसमें 29 लड़ाके मारे गए। पाकिस्तान ने रविवार को ये जानकारी दी है। अफगानिस्तान की ओर से अभी तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। इन हमलों से इस्लामाबाद और काबुल के बीच पहले से तनावपूर्ण चल रहे रिश्तों में और खटास आ सकती है।
पाकिस्तानी सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने एक्स पर पर एक पोस्ट में कहा कि यह ऑपरेशन देश में हुए हालिया आतंकी हमलों का जवाब है। पाकिस्तान के प्रमुख शहर कराची में शनिवार को पैरामिलिट्री रेंजर्स के क्षेत्रीय मुख्यालय पर हमला करते हुए तीन सैनिकों की हत्या की गई है। इसके एक दिन बाद पाकिस्तानी आर्मी की ओर से ये कार्रवाई हुई है।
पाकिस्तान का क्या है दावा – पाकिस्तान में पुलिस और सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर किए जाने वाले हमलों में बीते कुछ समय में तेजी आई है। पाकिस्तानी सरकार और सैन्य अधिकारी दावा करते हैं कि हिंसा के पीछे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और उससे जुड़े गुट जिम्मेदार है। पाकिस्तान इन गुटों को अफगानिस्तान में पनाह मिलने की बात कहता है।
पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान में सीमा पार हमलों और जमीनी कार्रवाई का लगातार एक सिलसिला देखा गया है। पाकिस्तान की सेना ने तीन हफ्ते पहले भी अफगानिस्तान में ‘आतंकी गुटों’ को निशाना बनाने का दावा करते हुए हमले किए थे। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थायी शांति के कई प्रयासों के बावजूद तनाव बना हुआ है।
क्यों है दोनों देशों में झगड़ा – पाकिस्तान ने बीते साल अक्टूबर में अफगानिस्तान के अंदर हवाई हमले किए थे। उसने TTP और उसके सहयोगियों के ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया था। पाकिस्तान इन गुटों को अपनी जमीन पर हिंसा फैलाने का जिम्मेदार मानता है। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार इनको पनाह देती है।
काबुल की सत्ता में बैठे अफगान तालिबान ने पाकिस्तान के आरोपों को नकारा है। अफगानिस्तान ने कहा है कि पाकिस्तान के हमलों में कोई आतंकी नहीं बल्कि आम लोग मारे गए हैं। अफगान बलों ने अपने स्तर पर पाकिस्तानी सेना के हमलों का जवाब भी दिया है। बीते साल से अब तक कई मौकों पकर पर बॉर्डर पर भीषण गोलीबारी देखी जा चुकी है।