Sunday , March 15 2026 4:18 PM
Home / Sports / हैदराबाद ने IPL 10 का जीत से किया आगाज, बैंगलोर को 35 रनों से हराया

हैदराबाद ने IPL 10 का जीत से किया आगाज, बैंगलोर को 35 रनों से हराया


हैदराबाद: चैम्पियन बल्लेबाज युवराज सिंह की आक्रामक पारी के बाद अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर गत चैम्पियन सनराइजर्स हैदराबाद ने विराट कोहली के बिना खेल रही रायल चैलेंजर्स बेंगलूर को 35 रन से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग के दसवें सत्र का शानदार आगाज किया। सनराइजर्स के लिये मैन आफ द मैच युवराज ने 27 गेंद पर 62 रन बनाये जबकि अफगानिस्तान के युवा लेग स्पिनर राशिद खान अरमान ने चार आेवर में 36 रन देकर दो विकेट लिये।

सनराइजर्स ने सपाट विकेट पर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 207 रन बनाये । जवाब में आरसीबी 19 . 4 आेवर में 172 रन पर आउट हो गई । आईपीएल में 23 मैचों के बाद बेंगलूर टीम आल आउट हुई है। उसके चारों शीर्ष बल्लेबाजों क्रिस गेल (32), मनदीप सिंह (24), ट्रेविस हेड (30) और केदार जाधव (31) ने उम्दा शुरूआत की लेकिन अपने विकेट गंवा बैठे । केदार का विकेट गिरने के बाद से आरसीबी मैच में नहीं लौट सकी।

केदार अपनी 16 गेंद की पारी के दौरान काफी खतरनाक लग रहे थे लेकिन डीप से बेन कटिंग के सीधे थ्रो पर वह रन आउट हो गए। सनराइजर्स के कप्तान डेविड वार्नर ने अपने स्पिनरों को बखूबी रोटेट किया। आईपीएल में खेलने वाले अफगानिस्तान के पहले क्रिकेटर राशिद ने मनदीप को फुल लैंग्थ गेंद पर आउट किया। उसने ट्रेविस हेड को भी पवेलियन भेजा ।