Wednesday , September 2 2026 7:00 PM
Home / News / भारत ने क्या किया जो बांग्लादेश करने लगा तारीफ? तारिक रहमान के दिल्ली दौरे पर दिया बड़ा अपडेट

भारत ने क्या किया जो बांग्लादेश करने लगा तारीफ? तारिक रहमान के दिल्ली दौरे पर दिया बड़ा अपडेट

बांग्लादेश की तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार ने भारत की जमकर तारीफ की है। यह तारीफ पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग से जुड़े एक सेमिनार को कथित रूप से आयोजन की मंजूरी न देने के लिए की गई है। बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने भारत के इस कथित फैसले को दोनों देशों के रिश्तों में एक सकारात्मक कदम बताया है। बांग्लादेश ने अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाया है और भारत पर भी इसके लिए दबाव डाल रहा है। हालांकि, भारत या अवामी लीग की तरफ से ऐसे किसी सेमिनार के आयोजन की मंजूरी न देने की बात नहीं कही गई है।
बांग्लादेश की मीडिया ने क्या दावा किया? – बांग्लादेश के मीडिया प्रोथम आलो की रिपोर्ट में बताया गया है कि 29 अगस्त को दिल्ली में अवामी लीग से जुड़े वक्ताओं के साथ होने वाली एक अंतरराष्ट्रीय चर्चा के लिए इजाज़त नहीं दी गई। दिल्ली पुलिस ने साउथ एशिया के फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब (FCC) को इस कार्यक्रम के लिए इजाज़त देने से इनकार कर दिया। इस फैसले के बारे में पूछे जाने पर बांग्लादेश के राज्य मंत्री ने कहा कि इजाजत न देना दोनों देशों के रिश्तों में एक ‘सकारात्मक कदम’ था। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि भारत बांग्लादेश से भागकर आने वाले किसी भी ‘आतंकवादी’ को दिल्ली या भारत के अधिकार क्षेत्र वाले किसी भी इलाके में पनाह नहीं देगा।
तारिक रहमान के भारत दौरे पर नया अपडेट – प्रधानमंत्री तारिक रहमान की भारत यात्रा के बारे में पूछे जाने पर हुमायूं कबीर ने कहा कि सही समय और माहौल आने पर प्रधानमंत्री जरूर भारत का दौरा करेंगे। हालांकि, अभी कोई तारीख तय नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि तारीख आपसी सम्मान और राष्ट्रीय हितों के साथ-साथ दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के शेड्यूल और उपलब्धता के आधार पर तय की जाएगी। यह पूछे जाने पर कि क्या संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र से पहले प्रधानमंत्री के भारत दौरे की कोई संभावना है, हुमायूं कबीर ने कहा, “हमने अभी कोई खास तारीख तय नहीं की है।”
भारत-बांग्लादेश बातचीत जारी – इसके बाद पत्रकारों ने पूछा कि क्या भारत के साथ रुकी हुई बातचीत अब फिर से शुरू हो गई है या सक्रिय हो गई है। जवाब में राज्य मंत्री ने कहा, “नहीं, तारीख तय न करने का मतलब यह नहीं है कि बातचीत रुक गई है।” उन्होंने कहा कि तारीख तय न होने के बावजूद बातचीत जारी रही। राज्य मंत्री ने आगे कहा, “हमारी बातचीत के दौरान 5 अगस्त (दिल्ली में शेख हसीना का वर्चुअल कार्यक्रम) जैसी घटना हुई, जिससे बांग्लादेश के लोगों की भावनाएं आहत हुईं। आप सभी जानते हैं कि हमने इस मामले पर अपना रुख बहुत साफ कर दिया था। अब हमारी बातचीत फिर से जारी है।