
सऊदी समर्थित यमन की सरकारी सेना को हूती विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य अभियान में बड़ी सफलता मिली है। यमनी सेना ने दावा किया है कि उसने तेजी से आगे बढ़ते हुए ईरान समर्थित हूतियों को बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के आस-पास के ठिकानों से खदेड़ दिया है। यमन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि मोखा पर सऊदी समर्थित सरकारी सेना का कब्जा हो गया है। पिछले महीने ही हूतियों ने एक तेज सैन्य अभियान में मोखा पर नियंत्रण स्थापित कर लिया था।
यमनी सेना ने कहा सऊदी हवाई हमलों की मदद से सोमवार दोपहर मोखा पर दोबारा नियंत्रण स्थापित कर लिया गया। इसके कुछ घंटे पहले यमनी सेना ने कहा था कि उसने दक्षिण में 45 किमी दूर धुभाब हवाई अड्डे पर कब्जा कर लिया है और पास के शहर में हूती लड़ाकों को घेरे हुए हैं। अभी तक हूती समूह ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं है।
बाब अल-मंदेब को किया सुरक्षित – बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के मुहाने के पास स्थित धुबाब रणनीतिक रूप से बहुत अहम है। यह जलडमरूमध्य लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ता है और दुनिया के सबसे अहम समुद्री जलमार्गों में से एक का चोक पॉइंट है। सऊदी समर्थित अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त यमन की सरकार ने सोमवार को राजधानी सना के खिलाफ रणनीतिक अभियान शुरू करने की जानकारी दी है। 12 साल पहले गृह युद्ध की शुरुआत में हूतियों ने सना पर कब्जा कर लिया था।
इस बीच सऊदी नेतृतव वाले गठबंधन ने कहा कि उसके लड़ाकू विमान यमन में सरकारी सेनाओं को लगातार हवाई सहायता दे रहे हैं। इसने कहा कि हवाई हमले में 324 महत्वपूर्ण लक्ष्यों को नष्ट किया गया है। यमनी सेना ने कहा कि मोखा के पास कई मोर्चे पर लड़ाई हुई, जिसमें कई हूती लड़ाके मारे गए और घायल हुए। सैन्य सूत्रों ने बताया कि कई हूती लड़ाकों को पकड़ा गया है।
‘हूतियों के खिलाफ ऑपरेशन यमन डॉन’ – यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार ने रविवार को हूतियों के खिलाफ सैन्य अभियान शरू करने की घोषणा की थी। ऑपरेशन यमन डॉन नाम के इस अभियान का मकसद उन सभी इलाकों को वापस पाना है जिन पर हूतियों का कब्जा है। सऊदी समर्थित यमन की सरकार ने कहा कि तनाव कम करने के सभी रास्ते बंद हो चुके हैं। सेना से कहा गया कि अपना मिशन तब तक जारी रखें, जब तक देश को हूती आतंकवादी मिलिशिया की पकड़ से आजाद न करा लिया जाए।
Home / News / हूतियों को बाब अल-मंदेब से खदेड़ा, मोखा पर वापस कब्जा, सऊदी समर्थित यमनी सेना को बड़ी कामयाबी
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website