Thursday , June 18 2026 7:20 PM
Home / Sports / आई पी एल १० : इंदौर किंग्स इलेवन पंजाब और पुणे सुपर जायंट्स के पहले मुकाबले के लिए तैयार

आई पी एल १० : इंदौर किंग्स इलेवन पंजाब और पुणे सुपर जायंट्स के पहले मुकाबले के लिए तैयार

होलकर स्टेडियम में हाई टेक सुरक्षा इंतजाम,1600 जवान होंगे तैनात

फ्रैंचाइसी का फैसला – स्टेडियम में नहीं परोसी जाएगी वाईन

 

विवेक शर्मा, इंदौर से

6 अप्रैल, 2017 (इंदौर)- इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले जाने वाले आईपीएल मुकाबलों के लिए इंदौर पुलिस ने भी सुरक्षा इंतजामों को अंतिम रुप दे दिया है। इंदौर में होने वाले तीन मैचों के लिए हाई टेक्नालॉजी की मदद ली जा रही है जिससे कि स्टेडियम में प्रवेश करने वाले हर दर्शक के चेहरे को स्कैन किया जा सकेगा। स्टेडियम की सुरक्षा में तकनीक मुहैया करा रही निजी कंपनी के अधिकारी जसदीप बताते हैं कि “हम हाई रिसोल्यूशन कैमरों की मदद से पूरे स्टेडियम पर निगरानी रखेंगे। स्टेडियम के चप्पे-चप्पे पर इन कैमरों की नज़र रहेगी। कुल 85 कैमरे इस्तेमाल किए जा रहे हैं। इसमें स्टेडियम के अंदर और बाहर दोनों ही तरफ दर्शकों की हर हरकत को देखा जा सकेगा।साथ ही पांच विशेष कैमरों को भी लगाया गया है जो सीट नंबर तक पढ़ सकेंगे।इसके अलावा पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम भी स्टेडियम के अंदर और बाहर के लिए अलग-अलग होंगे” ।

सुरक्षा इंतजामों के लिए स्टेडियम में एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है जहां से इंदौर पुलिस के अधिकारी हर गतिविधि और ट्रैफिक पर पैनी नज़र बनाए रखेंगे। इंदौर के एडिशनल एसपी मनोज कुमार राय बताते हैं ”मैच की सुरक्षा के लिए कुल 1600 जवानों की तैनाती की गई है जिसमें 6 पुलिस अधीक्षक स्तर, 7 एएसपी स्तर के अधिकारी शामिल होंगे। मैच के दौरान कई विदेशी और भारत के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी भी मौजूद होंगे इसलिए सुरक्षा का भारी इंतजाम किया गया है। बॉम्ब डिस्पोज़ल स्क्वाड भी पिछले कुछ दिनों से सुरक्षा के इंतजाम में लगा हुआ है”।

इंदौर को अपना होम वेन्यू बनाने वाली आईपीएल फ्रैंचाइसी किंग्स इलेवन पंजाब भी मैचों के सफल आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग कर रही है। होलकर स्टेडियम की परंपरा को निभाते हुए फ्रैंचाइसी ने वाईन को ना परोसने का फैसला लिया है। फ्रैंचाइसी के सीईओ सतीश मेनन बताते हैं कि “इंदौर शहर खेलों के प्रेम के लिए जाना जाता है। हमने इसे होम वेन्यू बनाया है। हम स्टेडियम की परंपरा और अनुशासन का सम्मान करते हैं और मैचों के दौरान स्टेडियम में वाईन नहीं परोसी जाएगी।“ साथ ही मेनन ने उम्मीद जताई कि स्टेडियम तीनों मैचों के लिए पूरी तरह से पैक रहेगा और अधिकांश टिकट बेचे जा चुके हैं। आईपीएल के इस दसवें सीज़न में इंदौर में पहला मुकाबला शनिवार 8 अप्रैल को किंग्स इलेवन पंजाब और पुणे सुपर जायंट्स के बीच शाम चार बजे से शुरू होगा। मुकाबले के पहले एक रंगारंग उद्घाटन समारोह भी होगा।